भोपाल में करंट लगने से भाजयुमो पदाधिकारी की मौत:पोल पकड़ते ही लगा झटका; पत्नी भी चपेट में; शॉपिंग करने पहुंचे थे

भोपाल में करंट लगने से भाजयुमो पदाधिकारी की मौत:पोल पकड़ते ही लगा झटका; पत्नी भी चपेट में; शॉपिंग करने पहुंचे थे

भोपाल के एमपी नगर इलाके में रविवार रात सड़क किनारे बिजली के पोल से करंट लगने से भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी की मौत हो गई। हादसा रात करीब 9 बजे हुआ। दिव्यऋषि परिवार के साथ मॉल में शॉपिंग करने पहुंचे थे। हादसे के दौरान उनकी पत्नी को भी करंट का झटका लगा। प्रत्यक्षदर्शी ट्रैफिक पुलिसकर्मी के मुताबिक, दिव्यऋषि सड़क पार करने के लिए डिवाइडर पर चढ़कर दूसरी तरफ जाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सहारे के लिए एक हाथ से सड़क किनारे लगे पोल को पकड़ लिया, जबकि दूसरे हाथ से दीवार पकड़ने की कोशिश की। पोल में करंट प्रवाहित होने के कारण वे उसकी चपेट में आ गए। पुलिसकर्मियों ने सीपीआर दिया, बचा नहीं सके पुलिसकर्मी के मुताबिक, पोल मेट्रो प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य के दौरान लगाया गया था। पोल के पास तार खुला होने की बात भी सामने आई है। करंट लगने के बाद मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने तत्काल बचाव का प्रयास किया। उन्हें सीपीआर दिया गया और उपचार के लिए एम्स अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद दिव्यऋषि को मृत घोषित कर दिया। पत्नी को भी लगा करंट हादसे के दौरान दिव्यऋषि की पत्नी भी करंट की चपेट में आ गईं। उन्हें भी मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने संभाला। उनकी स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। मर्ग कायम, जांच शुरू घटना की सूचना मिलने के बाद एमपी नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोल में करंट कैसे पहुंचा और खुले तार की स्थिति के लिए कौन जिम्मेदार है, इसकी जांच की जा रही है। हादसे के बाद सड़क किनारे लगे पोल और निर्माण कार्य से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *