मेरठ के सदर सराफा बाजार में कारीगर की दुकान से 60 लाख रुपये का सोना चोरी हो गया। चोर शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे छत काटकर दुकान में घुसे और 400 ग्राम जेवर लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। राज ज्वैलर्स के ऊपर एसके अजीजु सोने के जेवर बनाते हैं। शनिवार रात दुकान बंद कर घर गए थे। रविवार को छुट्टी के बाद जब अजीजु दुकान पहुंचे, तो ताला टूटा मिला और जेवर गायब थे। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में छत पर सरिए कटे मिले, जिससे चोरों के छत से आने-जाने का शक है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज लिए हैं, जिनमें संदिग्ध गतिविधियां दिखीं। सदर बाजार थाना पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर रही है और चोरों को पकड़ने का प्रयास जारी है।

