बहराइच के वजीरबाग इलाके में 60 घंटे से बिजली नहीं आने से नाराज लोगों ने रविवार शाम करीब 7:40 बजे सड़क पर जाम लगा दिया। बड़ी संख्या में लोग बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। करीब 15 मिनट तक चले प्रदर्शन से रास्ते पर आवागमन प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। बिजली जल्द ठीक कराने के भरोसे के बाद लोगों ने जाम हटा लिया। बारिश और तेज हवा से टूटी बिजली की लाइनें बताया गया कि शुक्रवार से जिले में लगातार बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं। कई जगह पेड़ गिरने से बिजली की लाइनें टूट गई थीं। इसके चलते वजीरबाग इलाके में भी बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। दो दिन से बिजली नहीं आने के कारण लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। बिजली विभाग के खिलाफ किया प्रदर्शन लगातार बिजली न आने से नाराज लोग रविवार शाम सड़क पर पहुंच गए। लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस के समझाने पर हटाया जाम जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और बिजली जल्द ठीक कराने का भरोसा दिया। इसके बाद करीब 15 मिनट बाद लोगों ने जाम हटा लिया और अपने घर लौट गए।

