राजसमंद के नाथद्वारा स्थित पुष्टिमार्गीय वल्लभ संप्रदाय की प्रधान पीठ श्रीनाथजी मंदिर में तिलकायत इंद्रदमन महाराज और गोस्वामी विशाल बावा आज श्रीजी प्रभु की सांझी की सेवा में पधारे। इस दौरान दोनों ने मंदिर से जुड़ी व्यवस्थाओं और विकास कार्यों का अवलोकन किया। इनके बेहतर क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर गोस्वामी विशाल बावा के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘स्वच्छ नाथद्वारा-हरित नाथद्वारा विजन 2030’ को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। शहर को स्वच्छ और हरित बनाने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार करने और मौजूदा व्यवस्थाओं को और मजबूत करने पर जोर दिया गया। मंदिर में दर्शनार्थी वैष्णवों की सुविधा के लिए संचालित गोल्फ कार्ट सेवा, कुंज गली, नवीन कलात्मक पुल और समाधान विभाग सहित नवाचारों की जानकारी ली गई। साथ ही विशिष्ट अतिथियों, बुजुर्गों और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर चर्चा हुई। इसी क्रम में श्री ध्वजा जी की अगासी तक जाने वाले मार्ग को सुगम बनाने के उद्देश्य से नवनिर्मित कलात्मक पुल का भी विशाल बावा ने विधि-विधान से पूजन कर शुभारंभ किया। पुल शुरू होने से वैष्णवों को श्री ध्वजा जी और श्री सुदर्शनजी के दर्शन के लिए आवागमन में सुविधा मिलेगी।
शुभारंभ और चर्चा के दौरान श्रीनाथजी मंदिर मंडल की उपाध्यक्ष कोकिलाबेन अंबानी, श्रीनाथजी मंदिर के मुख्य प्रशासक भारत भूषण व्यास, मंदिर मंडल के सीईओ जितेंद्र कुमार पांडे सहित मंदिर के अधिकारी, सेवा वाले और दर्शनार्थी उपस्थित रहे।

