बारां| शहर स्थित कृषि उपजमंडी में शनिवार को नई सोयाबीन, मक्का और उड़द की आवक हुई। अच्छी आवक के साथ जिन्सों के भाव भी बेहतर रहने से किसानों में खुशी नजर आई। व्यापार संघ अध्यक्ष मनीष लश्करी ने बताया कि मंडी में नई उपज की आवक शुरू हो गई है। मंडी में उड़द की करीब 5 हजार कट्टे आवक हुई। इसके भाव गुणवत्ता के अनुसार 4700 से 8300 रुपए प्रति क्विंटल तक रहे। वहीं नई सोयाबीन का भाव 5501 रुपए प्रति क्विंटल रहा। मक्का के भाव 1701 से 2091 रुपए प्रति क्विंटल तक रहे। व्यापारियों के अनुसार नई फसल की आवक बढ़ने के साथ मंडी में किसानों की आवाजाही भी बढ़ने की उम्मीद है।

