बारां| विकसित भारत–जन सेवा अभियान के तहत शनिवार से गिरदावर सर्किल पर तीन दिवसीय राजस्व शिविर शुरू हुए। शिविरों में लोगों को मौके पर राजस्व सेवाएं और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी सहायता दी जा रही है। कलेक्टर बालमुकुंद असावा के निर्देश पर शिविर सुबह 9:30 से शाम 6 बजे तक संचालित किए जा रहे हैं। एडीएम भंवरलाल जनागल ने अंता क्षेत्र के खजुरना कलां में शिविर का निरीक्षण किया और अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम हवाई सिंह भी मौजूद रहे। जिला परिषद के सीईओ राजीव तोमर ने चरडाना शिविर में पहुंचकर लाभार्थियों को सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रक्रिया का जायजा लिया। जिला स्तरीय अधिकारियों ने अन्य शिविरों का भी निरीक्षण कर प्रशासन को प्रगति रिपोर्ट सौंपी। शिविरों में विभागीय समन्वय के साथ जनसुनवाई कर समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। गोरधनपुरा में ग्रामीणों की शिकायत पर बिजली लाइन के ढीले तार तुरंत दुरुस्त करवाए गए। राजस्व विभाग शिविरों में अभिलेख सुधार, नामांतरण, खातों का शुद्धीकरण, खातों का विभाजन, रास्ते के प्रकरण, सीमाज्ञान, अतिक्रमण से जुड़े मामले, भूमिहीनों को भूमि आवंटन, प्रमाण-पत्र जारी करने और फार्मर रजिस्ट्री जैसे कार्य कर रहा है।

