सहारनपुर के थाना देवबंद क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद शादी वाले घर में खुशियां मातम में बदल गईं। मृतक की भतीजी की बारात अगले दिन आनी थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के मुताबिक, थाना फतेहपुर क्षेत्र के दतौली मुगल गांव निवासी इखलाक उर्फ काका और मोबीन बाइक से मुजफ्फरनगर से अपने गांव लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों युवक जब रोहाना टोल प्लाजा से पहले पहुंचे, तभी अचानक सड़क पर नील गाय सामने आ गई। नील गाय को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों युवक हादसे का शिकार हो गए। हादसे में इखलाक उर्फ काका को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने इखलाक उर्फ काका को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मोबीन की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। इखलाक की मौत की खबर जैसे ही परिवार के लोगों को मिली, शादी की तैयारियों में जुटे घर में चीख-पुकार मच गई। मृतक की भतीजी की कल बारात आनी थी। घर में शादी को लेकर उत्साह और खुशियों का माहौल था, लेकिन हादसे की खबर ने पूरे परिवार को गम में डुबो दिया। घटना के बाद गांव में भी शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसा थाना देवबंद क्षेत्र में हुआ।

