वाराणसी में शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक दोनों को रौंदते हुए निकल गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। हादसा लोहता थाना क्षेत्र में महाजन इंटरनेशनल फैक्ट्री के सामने हुआ। पुलिस के मुताबिक, दोनों बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान अकेलवा की तरफ से चांदपुर की ओर जा रहे ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास के लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की गई। दोनों मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों और अस्पतालों में सूचना भेजकर उनके परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया है। ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है। खबर अपडेट की जा रही है….

