जयपुर में दोस्ती कर रेस्टोरेंट मालिक को फंसाने का मामला सामने आया है। साइबर क्रिमिनल ने विश्वास में लेकर रेस्टोरेंट मालिक से बैंक अकाउंट नंबर लिया और उसमें साइबर ठगी की रकम मंगवाने लगा। इसके बाद ठगी की रकम को जालसाजी से उसके मोबाइल की नेट बैंकिंग और यूपीआई के जरिए दूसरे बैंक अकाउंट्स में ट्रांसफर कर लेता था। बैंक अकाउंट होल्ड होने पर जालसाजी का पता चलने पर पीड़ित ने महेश नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। रेस्टोरेंट में दोस्ती की, फिर फंसाया पुलिस ने बताया– महेश नगर के सूर्य नगर निवासी सत्येन्द्र कुमार मीना ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया कि वह त्रिवेणी चौराहे के पास श्री उम्मेद जायका नाम से रेस्टोरेंट चलाते है। पिछले 3-4 महीने से रेस्टोरेंट पर आदिल खान नाम का व्यक्ति खाना खाने और चाय पीने आता था। रेस्टोरेंट पर आने-जाने के कारण उसकी जान-पहचान हो गई। इसका फायदा उठाकर आदिल ने उससे दोस्ती कर ली। पिछले 15-20 दिन पहले उसे खुद के बैंक अकाउंट होल्ड होने के कारण परेशान होना बताया। किसी से पैसे डलवाने की कहकर उसका बैंक अकाउंट नंबर मांगा। विश्वास में आकर रेस्टोरेंट ऑनर सत्येन्द्र ने अपने बैंक अकाउंट नंबर दे दिए। उसके बाद आरोपी आदिल खान ने अलग-अलग जगहों से काफी लोगों से बैंक अकाउंट में रुपए डलवाने लगा। आए रुपयों को रेस्टोरेंट ऑनर सत्येन्द्र के मोबाइल से नेट बैंकिंग व यूपीआई के जरिए अलग-अलग करीब 11-12 विभिन्न बैंक अकाउंट्स में डाल लिए। जिसके बाद उसका बैंक अकाउंट होल्ड हो गया। लेन-देन नहीं होने पर जानकारी करने पर साइबर ठगी की रकम बैंक अकाउंट में आने का पता चला। आरोपी आदिल खाने को बताने पर उसने सब सही कर देने की कहा। धोखे में रखकर साइबर ठगी के लिए उसके बैंक अकाउंट का यूज किया गया। धोखे का एहसास होने पर पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ शुक्रवार को मामला दर्ज करवाया।

