नई दिल्ली। एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड ने सरोजिनी नगर स्थित भारत बिजनेस पार्क (बीबीपी) के दो टावरों के लिए रूस के एसबीईआर इंडिया को आवंटन पत्र और विक्रय समझौते के दस्तावेज सौंपे। दोनों टावरों का सुपर बिल्ट-अप क्षेत्र करीब 5.17 लाख वर्ग फीट है और इनका बिक्री मूल्य 2,000 करोड़ रुपए से अधिक है।
एनबीसीसी के सीएमडी डॉ. के.पी. महादेवस्वामी ने कंपनी मुख्यालय में एसबीईआर इंडिया के उप प्रबंध निदेशक इगोर शिश्किन को दस्तावेज सौंपे। एसबीईआर बैंक ने अप्रैल 2026 में हुई प्रतिस्पर्धी ई-नीलामी में दोनों टावर हासिल किए और परियोजना का सबसे बड़ा एकल खरीदार बना। एसबीईआर इंडिया नई दिल्ली में रशियन बिजनेस सेंटर स्थापित करेगा। यह केंद्र भारत में काम कर रही रूसी कंपनियों को बैंकिंग, कानूनी, कर और ऑडिट सेवाओं में सहयोग देगा।
एनबीसीसी ने बीबीपी के सभी 8 टावरों की बिक्री पूरी कर ली है। करीब 23.44 लाख वर्ग फीट क्षेत्रफल वाली इस परियोजना से कंपनी ने लगभग 10 हजार करोड़ रुपए जुटाए हैं। अन्य खरीदारों में आईआरसीटीसी, जीईएम, बीपीसीएल, आरवीएनएल और नेशनल लैंड मोनेटाइजेशन कॉरपोरेशन शामिल हैं। परियोजना के 2028 तक पूरा होने की उम्मीद है।

