सिवनी में कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गुरुवार रात 42 पेटियों में रखी करीब 362 लीटर देशी-अंग्रेजी शराब जब्त की। जब्त शराब की कीमत करीब 1 लाख 71 हजार 280 रुपए बताई गई है। पुलिस ने मौके से आरोपी अमन राय (26) निवासी मंगलीपेठ, सिवनी को गिरफ्तार किया। पिछले चार दिनों में अवैध शराब के मामले में कोतवाली पुलिस की यह तीसरी कार्रवाई है। रेलवे लाइन किनारे खंडहर मकान में छिपी थी शराब पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात टीम शहर में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गंज वार्ड में रेलवे लाइन के किनारे स्थित एक पुराने खंडहर मकान में बड़ी मात्रा में शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मकान की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर मकान के बाहर मौजूद एक युवक भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम अमन राय बताया। कार्टूनों में रखी थी देसी-अंग्रेजी शराब आरोपी के बताए अनुसार पुलिस ने खंडहर मकान की तलाशी ली। कमरे में कार्टूनों के अंदर बड़ी मात्रा में शराब रखी मिली। इसमें 33 पेटी देशी प्लेन शराब, 7 पेटी देशी मसाला शराब के क्वार्टर, मैकडॉवेल नंबर-1 रम की 48 बोतल और ओल्ड मोंक रम की 12 बोतल शामिल थीं। पुलिस के मुताबिक कुल शराब की मात्रा 362 लीटर है। त्योहारों में महंगे दाम पर बेचने की तैयारी पुलिस ने आरोपी से शराब रखने का लाइसेंस और दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध कागज नहीं दिखा सका। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अलग-अलग शराब दुकानों से शराब इकट्ठा की थी। वह इसे 2 अक्टूबर और त्योहारों के दौरान ऊंचे दाम पर बेचने के लिए खंडहर मकान में छिपाकर रखा था। आरोपी पर पहले से सात मामले दर्ज कोतवाली पुलिस के अनुसार, अमन राय के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें आबकारी एक्ट के दो और जुआ एक्ट के तीन मामलों सहित कुल सात केस बताए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि आरोपी ने इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां से जुटाई और इस कारोबार में उसके साथ और कौन लोग जुड़े हैं। मामले में पुलिस ने धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।

