जबलपुर की रांझी थाना पुलिस ने सड़क किनारे चाबी लगी खड़ी गाड़ियां चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में हिमांशु सोनी (25) और हिमांशु झारिया (28) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है। टॉयलेट करने गए, बाइक लेकर भाग गए पहली घटना 27 जुलाई की रात शोभापुर चौराहे के पास हुई। अश्वनी सिंह (42) अपनी हीरो सीबीजेड बाइक सड़क किनारे खड़ी कर टॉयलेट करने गए थे। उन्होंने बाइक में चाबी लगी छोड़ दी थी। इसी दौरान आरोपी बाइक लेकर फरार हो गए। दूसरी घटना 16 सितंबर को हुई। सदर निवासी हर्ष गुप्ता (19) ने ऊषा मेडिकल के सामने अपनी स्प्लेंडर प्लस बाइक खड़ी की थी। वह दवाई खरीदने गए थे। कुछ देर बाद लौटे तो बाइक गायब थी। सीसीटीवी और मुखबिर से आरोपियों तक पहुंची पुलिस दोनों मामलों में शिकायत मिलने के बाद रांझी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिरों से भी जानकारी जुटाई गई। सटीक सूचना मिलने पर पुलिस ने 23 सितंबर को दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने सड़क किनारे चाबी लगी खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाकर चोरी करना कबूल किया। दो बाइक बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हीरो सीबीजेड एक्सट्रीम (MP 22 MD 3093) और हीरो स्प्लेंडर प्लस (MP 20 XD 1140) बरामद की हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है। पुलिस ने वाहन मालिकों से अपील की है कि गाड़ी खड़ी करते समय चाबी वाहन में लगी न छोड़ें और वाहन को सुरक्षित स्थान पर लॉक करके रखें।

