ट्रेन से गिरने वाला था बच्चा, जवान ने बचाया:अंबाला से रेल में नहीं चढ़ सकी पत्नी, पिता ने बेटे सहित उतरने का प्रयास किया

ट्रेन से गिरने वाला था बच्चा, जवान ने बचाया:अंबाला से रेल में नहीं चढ़ सकी पत्नी, पिता ने बेटे सहित उतरने का प्रयास किया

अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को बड़ा हादसा टल गया। प्लेटफॉर्म नंबर-7 से चल रही ट्रेन संख्या 12919 से एक यात्री अपने बच्चे को नीचे उतारने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान बच्चा ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिरने ही वाला था। मौके पर ड्यूटी कर रहे RPF कांस्टेबल कुलदीप ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत बच्चे को पकड़ लिया और उसे ट्रेन के नीचे जाने से बचा लिया। घटना स्टेशन पर लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। घटना गुरुवार सुबह करीब 10:50 बजे की है। मध्य प्रदेश के डॉ. अंबेडकर नगर (महू) से जम्मू-कश्मीर के श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक चलने वाली ट्रेन संख्या 12919 प्लेटफॉर्म नंबर-7 से रवाना हो रही थी। इसी दौरान एक परिवार ट्रेन में सवार हुआ था। ट्रेन चलने लगी तो यात्री की पत्नी ट्रेन में नहीं चढ़ सकी। इसके बाद यात्री अपने बच्चे को चलती ट्रेन से नीचे उतारने लगा। इसी दौरान बच्चे का संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म से नीचे गिरने की स्थिति में पहुंच गया। ट्रेन पासिंग ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल कुलदीप की नजर जैसे ही बच्चे पर पड़ी, उन्होंने तुरंत आगे बढ़कर उसे पकड़ लिया। कुछ सेकंड की देरी पड़ सकती थी भारी CCTV फुटेज में पूरी घटना साफ दिखाई दे रही है। ट्रेन गति पकड़ रही थी और बच्चा चलती ट्रेन से नीचे गिरने की स्थिति में था। कांस्टेबल कुलदीप की तत्परता से बच्चे को समय रहते सुरक्षित बचा लिया गया। RPF की ओर से इस कार्रवाई को ‘ऑपरेशन जीवन रक्षा’ के तहत दर्ज किया गया है। घटना के बाद रेलवे स्टाफ और यात्रियों में भी कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति रही। CCTV फुटेज में जो दिखा, वो जानिए… सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि ट्रेन संख्या 12919 प्लेटफॉर्म नंबर 7 से रवाना हो रही थी और धीरे-धीरे स्पीड पकड़ रही थी। इसी दौरान पीली शर्ट पहने एक यात्री ट्रेन के गेट से लटककर एक हाथ से अपने बच्चे को नीचे उतारने का प्रयास करता है। यात्री का एक हाथ गेट के हैंडल पर था, जबकि दूसरे हाथ से उसने बच्चे को पकड़ रखा था। जैसे ही उसने बच्चे को नीचे उतारा, बच्चा प्लेटफॉर्म से फिसलकर पटरियों की तरफ जाने लगा। उसी समय पास में ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल कुलदीप ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत बच्चे को पकड़ लिया और उसे ट्रेन के नीचे जाने से बचा लिया। घटना के कुछ सेकेंड बाद स्थिति को देखते हुए ट्रेन को भी रोक दिया गया। रेलवे की अपील- चलती ट्रेन में चढ़ने-उतरने की कोशिश न करें रेलवे की ओर से यात्रियों से अपील की गई है कि ट्रेन के चलने के बाद उसमें चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। परिवार के सभी सदस्य ट्रेन में सवार हैं या नहीं, यह सुनिश्चित करने के बाद ही ट्रेन में चढ़ें। चलती ट्रेन से बच्चे या सामान को नीचे उतारना बेहद खतरनाक हो सकता है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *