बरेली के भुता थाना क्षेत्र के फरीदापुर गांव में गुरुवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। धान के खेत की सिंचाई के दौरान निजी ट्यूबवेल में करंट उतरने से खेत मालिक और उन्हें बचाने पहुंचे एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है। जानकारी के मुताबिक, फरीदापुर निवासी किसान सरदार रतन सिंह (60) अपने निजी ट्यूबवेल से धान की फसल में पानी लगा रहे थे। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गए। रतन सिंह को तड़पता देख पास में ही काम कर रहा मजदूर जाहिद खान (23) पुत्र सज्जन खान उन्हें बचाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन वह भी तेज करंट की चपेट में आ गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूटीं सांसें घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजन और ग्रामीण दोनों को गंभीर हालत में तुरंत बरेली के एक निजी अस्पताल ले गए। हालांकि, जांच के बाद डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों परिवारों में मचा कोहराम मृतक रतन सिंह के दो बेटे हैं, जो बाहर रहकर नौकरी करते हैं। वहीं जाहिद तीन भाइयों में सबसे छोटा था और मजदूरी करके परिवार का हाथ बटाता था। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची भुता थाना पुलिस ने मौके पर मुआयना कर घटना की जानकारी ली। थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि दोनों मृतकों के परिजनों ने पंचनामा और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। फिलहाल करंट लगने के सही कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

