जनगणना-2027 में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की जातिगत गणना को स्पष्ट, पृथक एवं प्रमाणिक रूप से दर्ज किए जाने की मांग सरगुजा कांग्रेस ने की है। मांगों को लेकर पिछड़ा वर्ग कांग्रेस, सरगुजा की ओर से राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर सरगुजा के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई कि जनगणना प्रपत्र में अनुसूचित जाति (SC) एवं अनुसूचित जनजाति (ST) की तर्ज पर अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए भी स्पष्ट एवं पृथक कॉलम/श्रेणी निर्धारित की जाए, ताकि OBC वास्तविक जनसंख्या का प्रमाणिक एवं वैज्ञानिक आंकड़ा उपलब्ध हो सके। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय समन्वयक लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता ने कहा कि OBC देश की सामाजिक संरचना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। शिक्षा, रोजगार, सामाजिक प्रतिनिधित्व तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी निर्धारण के लिए ओबीसी की वास्तविक जनसंख्या एवं सामाजिक स्थिति से संबंधित प्रमाणिक आंकड़े आवश्यक हैं। सामाजिक न्याय के लिए OBC जनगणना जरूरी लक्ष्मी गुप्ता ने कहा कि जनगणना-2027 में OBC की जातिगत गणना के लिए स्पष्ट एवं पृथक व्यवस्था होना अत्यंत आवश्यक है। यदि OBC की स्पष्ट पहचान के साथ आंकड़े एकत्र किए जाते हैं, तो देश में सामाजिक न्याय से जुड़ी नीतियों के निर्माण और उनके प्रभावी क्रियान्वयन में अधिक प्रमाणिकता आएगी। लक्ष्मी गुप्ता ने कहा कि OBC के अधिकारों और सामाजिक न्याय से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय को लेकर राहुल गांधी जी लगातार जातिगत जनगणना की मांग को प्रमुखता से उठा रहे हैं। OBC की वास्तविक संख्या का प्रमाणिक आंकड़ा सामने आना सामाजिक न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। पाठक ने कहा-राहुल गांधी ने मुद्दे को मजबूती से उठाया जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि राहुल गांधी ने जातिगत जनगणना और OBC के अधिकारों के मुद्दे को लगातार मजबूती से उठाया है। उन्होंने कहा कि OBC की वास्तविक संख्या सामने आना आवश्यक है और इसके लिए जनगणना में OBC की स्पष्ट एवं पृथक गणना की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि OBC के लिए जनगणना में पृथक कॉलम की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी और OBC विभाग अपनी आवाज मजबूती से उठाते रहेंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता, बालकृष्ण पाठक, ईश्वर सोनी, कलाम सिद्धकी, राजेंद्र बहादुर, बैजनाथ ठाकुर, अविनाश ठाकुर, गीता रजक, उर्मिला विश्वास, दुग्धेश्वर यादव, सुसीला, उमेश्वर साहू, आरिफ खान, अतहर अली, डॉ. निर्मल, शुभम ठाकुर आदि उपस्थित रहे।

