स्मार्ट सिटी बोर्ड बैठक में कई अहम फैसले:अलीगढ़ में 7 से 10 दिन में दो स्मार्ट सड़कों का लोकार्पण, डीएम सहित दो निदेशक भी बनाए गए

स्मार्ट सिटी बोर्ड बैठक में कई अहम फैसले:अलीगढ़ में 7 से 10 दिन में दो स्मार्ट सड़कों का लोकार्पण, डीएम सहित दो निदेशक भी बनाए गए

अलीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड की 43वीं बोर्ड बैठक गुरुवार को नगर आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी के सीईओ प्रेम प्रकाश मीणा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में स्मार्ट सिटी की विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ उनके संचालन, राजस्व बढ़ाने और लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने पर चर्चा हुई। बैठक में कई प्रस्तावों को मंजूरी भी दी गई।
बोर्ड ने सुतमिल से भाकरी और सुतमिल से नादा पुल तक बनी स्मार्ट सड़कों का अगले 7 से 10 दिन में लोकार्पण कराने का निर्णय लिया। इसके अलावा छर्रा अड्डा पंपिंग स्टेशन, जीवनगढ़ नाला निर्माण और स्ट्रॉम वाटर ड्रेनेज परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
बारहद्वारी से आय बढ़ाने की तैयारी
बैठक में बारहद्वारी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स एवं मल्टीलेवल कार पार्किंग परियोजना के संचालन और दुकानों के आवंटन की स्थिति पर चर्चा हुई। करीब 49.89 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में प्रथम चरण में सात दुकानों का आवंटन किया जा चुका है। इससे करीब 1.75 करोड़ रुपये राजस्व प्राप्त होने की जानकारी दी गई।
परियोजना के तहत 32 दुकानदारों को शिफ्ट किए जाने के बाद अन्य दुकानदारों को भी स्थानांतरित करने पर चर्चा हुई। लाल डिग्गी पोखर के संचालन की वार्षिक दरें तय करने के लिए समिति गठित करने का निर्णय लिया गया।
स्टेडियम भी बनेगा आय का स्रोत
बैठक में नौरंगीलाल इनडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम की स्थिति की भी समीक्षा की गई। बोर्ड को बताया गया कि बारहद्वारी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, मल्टीलेवल कार पार्किंग और इनडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम के क्रियाशील होने से स्मार्ट सिटी के लिए राजस्व के नए स्रोत तैयार होंगे। बैठक में जिलाधिकारी अविनाश कुमार और मुख्य अभियंता विद्युत अरविंद नायक को स्मार्ट सिटी के नए निदेशक नामित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
अक्टूबर में पीएम मोदी के अलीगढ़ आने की चर्चा, लोकार्पण की तैयारियों से जुड़ी उम्मीदें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अक्टूबर में अलीगढ़ संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों की चर्चा है। अक्टूबर में प्रधानमंत्री के अलीगढ़ आने की संभावना और राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के लोकार्पण की तैयारियों का उल्लेख किया गया है। हालांकि दौरे की अंतिम तारीख की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है। चर्चा है कि प्रधानमंत्री के दौरे का कार्यक्रम तय होने पर स्मार्ट सिटी की करीब 50 करोड़ रुपये की नौरंगीलाल इनडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम और करीब 49.89 करोड़ रुपये की बारहद्वारी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स एवं मल्टीलेवल कार पार्किंग परियोजनाओं के लोकार्पण को भी इसमें शामिल किया जा सकता है।
इसके साथ ही राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के नए भवन का लोकार्पण और डिफेंस कॉरिडोर के अलीगढ़ नोड से जुड़ा कार्यक्रम भी दौरे में शामिल किए जाने की चर्चा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 सितंबर 2021 को अलीगढ़ में विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी थी। इसी दौरे में उन्होंने डिफेंस कॉरिडोर के अलीगढ़ नोड का अवलोकन भी किया था।
फिलहाल स्मार्ट सिटी परियोजनाओं को लोकार्पण के लिए तैयार किया जा रहा है, जबकि प्रधानमंत्री का अलीगढ़ दौरा और उसमें इन परियोजनाओं को शामिल किया जाना अभी संभावित है। दौरे की तारीख और कार्यक्रम तय होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि किन परियोजनाओं का लोकार्पण प्रधानमंत्री के हाथों कराया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *