गुरुग्राम जिले में मानेसर सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को नगर निगम मानेसर कार्यालय में सेवा सेतु कैंप लगाया गया। इसका मकसद आम लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का फायदा आसानी से पहुंचाना था। कैंप का उद्घाटन नगर निगम मानेसर के सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण यादव ने किया। इस कैंप में करीब 360 लोगों ने पहुंचकर अलग-अलग विभागों की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अपनी पात्रता के हिसाब से सुविधाओं का लाभ भी उठाया। कैंप में कई विभागों ने अपने स्टॉल लगाए थे। इन स्टॉलों पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इसमें योजना के लिए जरूरी शर्तें, आवेदन का तरीका, जरूरी दस्तावेज और मिलने वाली सुविधाएं शामिल थीं। पात्र लोगों का मौके पर ही किया गया रजिस्ट्रेशन पात्र लोगों को मौके पर ही आवेदन करने और रजिस्ट्रेशन कराने में मदद भी की गई। इससे लोगों को अलग-अलग सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। सेवा सेतु कैंप के स्टॉलों पर दिनभर लोगों की भीड़ लगी रही। लोग सामाजिक सुरक्षा, महिला कल्याण और नागरिक सेवाओं जैसे कई विभागों से जुड़ी योजनाओं की जानकारी लेने पहुंचे थे। अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनकी जरूरत के हिसाब से संबंधित विभाग की योजना या सेवा के बारे में बताया। लाडो लक्ष्मी योजना को लेकर महिलाओं में दिखा उत्साह कई पात्र लाभार्थियों की जरूरी प्रक्रियाएं मौके पर ही पूरी कर दी गईं। कैंप में दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना को लेकर महिलाओं में खास उत्साह दिखा। उन्हें योजना की पात्रता, नियम और आवेदन करने का तरीका बताया गया। कैंप के दौरान 80 पात्र महिलाओं का मौके पर ही इस योजना के लिए रजिस्ट्रेशन कर दिया गया। महिलाओं ने बताया कि घर के पास ऐसे कैंप लगने से सरकारी योजनाओं की जानकारी आसानी से मिल जाती है और आवेदन करना भी आसान हो जाता है। सेवा सेतु कैंप का मुख्य मकसद आम लोगों और सरकारी सेवाओं के बीच की दूरी कम करना है, ताकि पात्र नागरिकों को योजनाओं का फायदा मिल सके।

