पीछा छुड़ाने के लिए गर्लफ्रेंड की हत्या की:कासगंज में 3 लाख कैश- जेवर लेकर भागा, मौके पर मिले हेडफोन ने पहुंचाया जेल

पीछा छुड़ाने के लिए गर्लफ्रेंड की हत्या की:कासगंज में 3 लाख कैश- जेवर लेकर भागा, मौके पर मिले हेडफोन ने पहुंचाया जेल

कासगंज में बॉयफ्रेंड ने अपने 3 दोस्तों के साथ मिलकर गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी। उसने पहले दुपट्‌टे से गला घोंटा, फिर चाकू से गला रेत दिया। गर्लफ्रेंड अपने बॉयफ्रेंड पर भगा ले जाने का दबाव बना रही थी। कहती थी अगर मेरी बात नहीं मानीं तो झूठे केस में फंसा दूंगी। बॉयफ्रेंड डर गया था। उससे पीछा छुड़ाना चाहता था। उसे कुछ रुपए की भी जरूरत थी। उसने बहाने से जेवर-कैश के साथ गर्लफ्रेंड को मिलने बुलाया। मर्डर कर 3 लाख कैश और जेवर लेकर भाग गया। गुरुवार दोपहर पुलिस ने युवती के बॉयफ्रेंड समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास युवती के 1 लाख 35 हजार रुपए, जेवर और मोबाइल बरामद किया गया है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की 5 टीमें लगाई गई थीं। मौके पर मिला बॉयफ्रेंड का हेडफोन अहम सुराग साबित हुआ। मामला शहर कोतवाली इलाके का है। पहले एक नजर पूरे मामले पर… जिला मुख्यालय से 17 किलोमीटर दूर गांव अशोक नगर में रहने वाली नेहा (18) का अपने घर से 500 मीटर गला कटा शव मिला था। परिवार के मुताबिक, नेहा अपनी बड़ी बहन निशा को नशीला पदार्थ खिलाकर घर से करीब 3 लाख रुपए और जेवर लेकर भागी थी। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर घरवालों ने नेहा की तलाश शुरू की। घरवालों को बुधवार को ट्यूबवेल की छत पर लाश मिलने की सूचना मिली। घरवालों के अनुसार, नेहा 6 भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। नेहा की बड़ी बहन निशा की शादी अक्टूबर में होनी थी। भाई शाहरुख ने बताया था- मंगलवार रात परिवार के लोग खाना खाकर सो गए थे। इसके बाद उनकी बहन घर से निकल गई। बुधवार तड़के 3 बजे देखा तो वो घर पर नहीं थी। तलाश करने पर उसकी बॉडी मिली थी। अब पढ़िए आरोपी का कबूलनामा… एसपी ओपी सिंह के मुताबिक, पूछताछ में बॉयफ्रेंड समीर ने बताया- नेहा की करीब 3-4 साल से अरसद से दोस्ती थी। समीर ने भी दो-तीन महीने पहले नेहा से दोस्ती कर ली थी। समीर को कुछ रुपयों की जरूरत थी। कुछ दिन पहले नेहा ने उसे 8 हजार रुपए दिए थे। इसके बाद नेहा ने बताया- उसके घर पर कमेटी के कुछ रुपए और जेवर उसकी मां के पास रखे हैं। उसने समीर से कहा था, अगर वह उसे अपने साथ ले जाए तो वह रुपए और जेवर लेकर उसे दे देगी। पुलिस के मुताबिक, नेहा ने साथ न ले जाने पर मुकदमे में फंसाने की बात भी कही थी। 3 दोस्तों को साथ लेकर बनाया हत्या का प्लान पुलिस के अनुसार, रुपए और जेवर हड़पने के साथ ही नेहा से पीछा छुड़ाने के लिए समीर ने अरसद, अमित और अरसलान के साथ मिलकर योजना बनाई। चारों ने तय किया कि नेहा जो सामान लेकर आएगी, उसे आपस में बांट लेंगे। इसके बाद नेहा 1 लाख 35 हजार 100 रुपए और सोने-चांदी के जेवर लेकर उनके पास पहुंची। खेत की कोठरी के पास ले जाकर हत्या पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपी नेहा को पास के फतेह सिंह के खेत में बने ट्यूबवेल की चारदीवारी के अंदर कोठरी के पास ले गए। वहां दुपट्टे से उसका गला दबाया गया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद समीर ने चाकू से उसकी गर्दन पर वार किया। कपड़े और चप्पल जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश पुलिस के अनुसार, सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने नेहा के कपड़े और हवाई चप्पल उतार लिए। शव को ट्यूबवेल की कोठरी की छत पर दीवार के किनारे रख दिया गया। नेहा का बैग, मोबाइल से निकाली गई सिम, कपड़े और चप्पल फतेह सिंह के खेत के पास पुरानी रेलवे लाइन की झाड़ियों में ले जाकर जला दिए गए। वह बॉडी भी जलाना चाह रहे थे, लेकिन एक गाड़ी की रोशनी देखकर वह घबरा गए और शव को छोड़कर भाग गए। जांच में यह भी सामने आया कि घटना से दो दिन पहले आरोपियों ने घटनास्थल की रेकी की थी। ट्यूबवेल की दीवार में बने झरोखों को ईंटों से बंद किया गया था, ताकि अंदर किसी की नजर न पड़े। हेडफोन बना अहम सुराग पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से एक आरोपी का गिरा हुआ हेडफोन मिला था। यह पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुआ और जांच आगे बढ़ी। पुलिस के अनुसार, नेहा से रेप की पुष्टि नहीं हुई है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। ————– यह खबर भी पढ़ें… कानपुर में करोड़पति कारोबारी की हत्या बेटे ने कराई थी:बहू बेगुनाह निकली, बेटा बोला-पिता के कई महिलाओं से अफेयर थे कानपुर में करोड़पति दवा कारोबारी विनीत मिनोचा (63) हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। हत्या बेटे सुब्रत (35) ने करवाई थी। बहू शालू (32) बेगुनाह निकली। गुरुवार को पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया- सुब्रत ही हत्या का मास्टरमाइंड है। बहू की रिहाई के लिए पुलिस कोर्ट में अर्जी दाखिल करेगी। पढ़ें पूरी खबर…

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *