मेवात में एक बार फिर ठगी का मामला सामने आया है। फेसबुक पर सस्ते मोबाइल पार्ट्स बेचने का झांसा देकर एक व्यापारी से 90 हजार रुपए, मोबाइल फोन और जरूरी कागजात हड़प लिए गए। ठग व्यापारी का बैग लेकर फरार हो गए। उटावड़ थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि, यह घटना जिला कन्नौज (यूपी) के फतेहनगर कुंवरपुर निवासी प्रभात सिंह नायक के साथ हुई। प्रभात मोबाइल फोन के पार्ट्स बेचने का काम करते हैं। उन्होंने कुछ समय पहले फेसबुक पर मोबाइल पार्ट्स खरीदने से जुड़ी एक पोस्ट देखी थी, जिसमें एक मोबाइल नंबर दिया हुआ था। प्रभात ने उस नंबर पर संपर्क किया और पिछले 15 दिनों से उनकी बातचीत चल रही थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने प्रभात सिंह को डील करने के लिए पलवल जिले के कोट गांव से आगे होडल-नूंह मार्ग पर बुलाया। बाइक पर बैठाकर ले गए दो युवक, धोखे से बैग छीना पीड़ित तय जगह पर पहुंचा, जहां बाइक पर दो युवक आए। उन्होंने प्रभात को अपनी दुकान पर चलने का झांसा देकर बाइक पर बैठा लिया। आरोपी व्यापारी को मेवात के बीसरू गांव के पास ले गए और धोखे से उसका बैग छीन लिया। बैग में 90 हजार रुपए नकद, मोबाइल फोन और जरूरी कागजात रखे थे। इसके बाद आरोपी युवक बैग लेकर वहां से भाग गए। पीड़ित ने काफी देर तक उनका इंतजार किया और फिर अपने स्तर पर तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। खुद को ठगी का शिकार महसूस करने के बाद प्रभात ने उटावड़ थाना पुलिस को शिकायत दी। उटावड़ थाना पुलिस ने पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

