मेरठ के मंगलपांडेनगर में एक्सिस बैंक की करेंसी चेस्ट में जांच के दौरान बड़ी संख्या में नकली नोट मिले हैं। निरीक्षण में कुल 4 लाख 63 हजार 650 रुपये के नोट नकली पाए गए। यह मामला सामने आने के बाद करेंसी चेस्ट के प्रबंधक ने सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। एक्सिस बैंक की करेंसी चेस्ट के प्रबंधक सरताज सिंह हैं, जो हरियाणा के हिसार सेक्टर-16 के रहने वाले हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि बुधवार को बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों ने करेंसी चेस्ट का निरीक्षण किया था। इस दौरान 1 दिसंबर 2024 से 31 दिसंबर 2025 के बीच अलग-अलग बैंकों से जमा की गई रकम की जांच की गई। जांच में नोटों की गिनती और सत्यापन के बाद 4 लाख 63 हजार 650 रुपये के नोट नकली मिले। इनमें 500 रुपये के 805 नोट, 200 रुपये के 142 नोट, 100 रुपये के 279 नोट, 50 रुपये के 97 नोट और 20 व 10 रुपये के कुल 1323 नोट शामिल हैं। नकली नोट मिलने के बाद बैंक प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने करेंसी चेस्ट प्रबंधक की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगा रही है कि ये नकली नोट किस बैंक या किस माध्यम से करेंसी चेस्ट तक पहुंचे। मंगलपांडेनगर में स्थित इस करेंसी चेस्ट से करीब 186 बैंकों की शाखाएं जुड़ी हुई हैं। ऐसे में पुलिस और बैंक अधिकारी यह जांच कर रहे हैं कि संबंधित समय में किन-किन बैंकों से यहां नकदी जमा की गई थी। नकली नोटों के स्रोत का पता लगाने के लिए रिकॉर्ड और लेनदेन से जुड़े दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं।

