शाजापुर जिले की बेरछा पुलिस ने मोटरसाइकिल लूट की एक घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और उसके पास से लूटी गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। इस मामले में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 22 सितंबर की रात करीब 7:30 बजे ग्राम रंथभंवर में सोसायटी के सामने रामप्रसाद नाम के फरियादी के साथ लूट हुई थी। फरियादी ने बेरछा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि ग्राम भीलसामी के दो लोग वहां आए और उसे धक्का देकर उसकी मोटरसाइकिल (MP 42 MG 8392) छीनकर ले गए।
फरियादी की रिपोर्ट पर बेरछा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला के निर्देश पर थाना प्रभारी भरतसिंह किरार ने एक खास टीम बनाई।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी जितेंद्र पिता अमरसिंह गुर्जर (24 वर्ष, निवासी ग्राम भीलसामी) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 35 हजार रुपए बताई गई है।
पूछताछ में आरोपी जितेंद्र ने कबूल किया कि उसने अपने साथी धरम उर्फ धर्मेंद्र गुर्जर के साथ मिलकर लूट की इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस अब फरार आरोपी धरम उर्फ धर्मेंद्र की तलाश में लगी है।

