हापुड़ के केयर हॉस्पिटल में डिलीवरी के दौरान एक नवजात बच्चे की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि महिला को डिलीवरी के लिए भर्ती कराया गया था, लेकिन प्रसव के दौरान ही नवजात की जान चली गई। केयर अस्पताल के प्रबंधन डॉ. यूनुस ने बताया कि मरीज को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने की पूरी कोशिश की गई। उन्होंने नवजात की मौत को दुखद बताया और कहा कि अस्पताल प्रबंधन इस घटना को लेकर संवेदनशील है। डॉ. यूनुस के अनुसार, मामले से जुड़ी पूरी जानकारी मेडिकल रिकॉर्ड और इलाज प्रक्रिया के आधार पर जांची जा रही है। उन्होंने साफ किया कि अस्पताल की तरफ से किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं हुई है। अगर परिजनों की कोई शिकायत या आपत्ति है, तो अस्पताल प्रबंधन तथ्यों और रिकॉर्ड के आधार पर उसका जवाब देने को तैयार है। डॉ. यूनुस ने यह भी कहा कि अस्पताल प्रबंधन जांच में पूरा सहयोग करेगा। उनका कहना है कि घटना को लेकर किसी भी नतीजे पर पहुंचने से पहले मेडिकल रिकॉर्ड और जांच रिपोर्ट देखना जरूरी है। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान जरूरी सावधानी नहीं बरती गई, जिससे नवजात की मौत हो गई। हंगामे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को शांत कराया और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। परिजनों के आरोपों की भी जांच की जा रही है। नवजात की मौत का सही कारण और अस्पताल की लापरवाही जांच के बाद ही साफ हो पाएगी। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

