बहराइच के सुजौली थाना क्षेत्र में कैलाशपुरी निवासी करिश्मा की प्रसव के बाद हुई मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है। बुधवार दोपहर करीब 1 बजे मिहींपुरवा स्थित न्यू इंडिया हॉस्पिटल को सील कर दिया गया। यह कार्रवाई पीड़ित परिवार की शिकायत के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं और इलाज से जुड़े बिंदुओं की जांच के आधार पर की गई। 16 सितंबर को प्रसव के लिए हुई थीं भर्ती परिजनों के अनुसार, करिश्मा को प्रसव पीड़ा होने पर 16 सितंबर को न्यू इंडिया हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जांच में उसका हीमोग्लोबिन करीब 7.7 ग्राम बताया गया। अस्पताल में ऑपरेशन के जरिए बच्ची का जन्म हुआ, लेकिन इसके बाद करिश्मा की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे इलाज के लिए पहले बहराइच और फिर लखनऊ ले गए। मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शव लेकर अस्पताल पहुंचे परिजन महिला की मौत के बाद परिजन शव लेकर न्यू इंडिया हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हुए उपचार और ऑपरेशन की प्रक्रिया पर सवाल उठाए और कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के बाद अस्पताल सील मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल की जांच शुरू की। टीम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं, ऑपरेशन से संबंधित अनुमति और उपचार से जुड़े अन्य बिंदुओं की पड़ताल की। जांच के बाद बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल को सील कर दिया। यह कार्रवाई नोडल अधिकारी डॉ. थानेदार और सीएचसी अधीक्षक महेश कुमार विश्वकर्मा की मौजूदगी में की गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है। महिला की मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

