Vedanta Group Stocks: मेटल से लेकर पावर तक, वेदांता ग्रुप के शेयरों में दिखी अच्छी-खासी तेजी, जानिए वजह

Vedanta Group Stocks: मेटल से लेकर पावर तक, वेदांता ग्रुप के शेयरों में दिखी अच्छी-खासी तेजी, जानिए वजह

Vedanta Share Price: मेटल से लेकर पावर सेक्टर तक में तेजी का असर वेदांता ग्रुप के शेयरों पर भी दिख रहा है। बुधवार को अनिल अग्रवाल के वेदांता ग्रुप की कई कंपनियों के शेयरों में जोरदार खरीदारी हुई। ग्रुप की कंपनी वेदांता आयरन एंड स्टील का शेयर बाजार खुलने के कुछ ही मिनटों में 5% के अपर सर्किट पर पहुंच गया। वहीं, वेदांता ऑयल एंड गैस में भी करीब 2% की तेजी दिखी, जबकि वेदांता पावर का शेयर लगभग 6% ऊपर कारोबार करता नजर आया।

मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने की उम्मीद, स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज को लेकर बनी सकारात्मक चर्चा और मेटल कीमतों में तेजी ने वेदांता ग्रुप के शेयरों को एक साथ सपोर्ट दिया है।

मेटल और एनर्जी शेयरों को मिला दोहरा फायदा

सेबी रजिस्टर्ड निवेश सलाहकार डॉ रवि सिंह के अनुसार, वेदांता ग्रुप की कंपनियां हाई-बीटा स्टॉक्स में गिनी जाती हैं। यानी जब बाजार में तेजी का माहौल बनता है तो ऐसे शेयरों में उतार-चढ़ाव सामान्य से ज्यादा देखने को मिल सकता है। बुधवार को शेयर मार्केट में सकारात्मक माहौल का फायदा वेदांता ग्रुप के शेयरों को मिला। स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज को दोबारा खोलने को लेकर बाजार में बनी चर्चा ने भी सेंटीमेंट को सपोर्ट दिया है। वेदांता की कंपनियों का कारोबार मेटल और एनर्जी जैसे सेक्टर से जुड़ा है। ऐसे में इन दोनों सेक्टर्स में तेजी का सीधा असर ग्रुप के शेयरों पर देखने को मिल रहा है।

NSE
PC: NSE, समय दोपहर 12 बजे

मेटल कीमतों में तेजी से कंपनी को क्या फायदा?

वेदांता ग्रुप के ज्यादातर शेयर मेटल और एनर्जी से जुड़े हैं। मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने की उम्मीद के बीच दोनों सेक्टर्स में तेजी आई है। मेटल कीमतों में बढ़ोतरी से कंपनी के पास मौजूद बफर स्टॉक को भी फायदा मिल सकता है। इसी उम्मीद ने निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ाई है। दूसरी तरफ स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज को दोबारा खोलने की चर्चा के बीच कच्चे तेल की कीमतों में नरमी की उम्मीद भी वेदांता ऑयल एंड गैस और वेदांता पावर जैसे शेयरों को सपोर्ट कर रही है।

NSE
PC: NSE, दोपहर 12 बजे

Vedanta Iron and Steel पर क्या है एक्सपर्ट का अनुमान?

सेबी रजिस्टर्ड मार्केट एक्सपर्ट अनुज गुप्ता के मुताबिक, वेदांता आयरन एंड स्टील के शेयर में 30 रुपये के आसपास मजबूत सपोर्ट है। वहीं, 38 रुपये का स्तर शेयर के लिए अहम रेजिस्टेंस यानी रुकावट का काम कर रहा है। जिन निवेशकों के पास यह शेयर पहले से है, उनके लिए उन्होंने 30 रुपये के नीचे स्टॉप लॉस रखने और 38 रुपये के शॉर्ट टर्म टार्गेट पर नजर रखने की बात कही है। अगर शेयर 38 रुपये के ऊपर क्लोजिंग देने में सफल रहता है, तो यह निकट अवधि में 44 रुपये तक पहुंच सकता है।

नए निवेशकों के लिए गुप्ता ने गिरावट की स्थिति में करीब 32 रुपये के स्तर पर खरीदारी पर विचार करने की बात कही है। इस स्थिति में 38 रुपये का टार्गेट और 30 रुपये के नीचे स्टॉप लॉस बताया गया है। अगर शेयर में गिरावट नहीं आती और यह 38 रुपये के ऊपर निकल जाता है, तो 38 रुपये के नीचे स्टॉप लॉस के साथ खरीदारी पर विचार करने की बात कही गई है।

Vedanta Oil and Gas के लिए ये हैं अहम लेवल

वेदांता ऑयल एंड गैस के शेयर को लेकर भी अनुज गुप्ता ने अहम तकनीकी स्तर बताए हैं। उनके मुताबिक, शेयर में 32 रुपये के आसपास मजबूत सपोर्ट है, जबकि 38 से 39 रुपये का स्तर रेजिस्टेंस जोन है। मौजूदा शेयरधारकों के लिए 32 रुपये के नीचे स्टॉप लॉस के साथ 38 रुपये के शॉर्ट टर्म टार्गेट पर नजर रखने की बात कही गई है। अगर शेयर 39 रुपये के ऊपर मजबूती से टिकता है, तो अगला स्तर 45 रुपये के आसपास हो सकता है।

नए निवेशकों को लेकर गुप्ता ने मौजूदा बाजार भाव के आसपास खरीदारी पर विचार करने की बात कही है। उन्होंने 38 और 45 रुपये के टार्गट तथा 32 रुपये के नीचे स्टॉप लॉस का जिक्र किया है। अगर शेयर 39 रुपये के ऊपर निर्णायक रूप से बढ़त बनाता है, तो स्टॉप लॉस को बढ़ाकर 34 रुपये किया जा सकता है।

(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *