साइबर ठगों ने ट्रेडिंग, डिमैट अकाउंट और ऑनलाइन टास्क के नाम पर तीन लोगों से करीब 26.93 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ितों की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने तीनों मामलों में सोमवार को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ठगों ने अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाया और रकम वापस मांगने पर संपर्क बंद कर दिया। केस-1
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर तीन निवासी प्रदीप चौहान ने बताया कि उन्होंने शादी के लिए एक मेट्रिमोनियल साइट पर रजिस्ट्रेशन किया था। इसी दौरान उनकी बातचीत एक महिला से हुई। आरोप है कि महिला ने उन्हें डिमैट अकाउंट खुलवाने और एक में ट्रेडिंग करने के लिए कहा। झांसे में आकर प्रदीप ने 24 सितंबर 2025 से 24 अक्टूबर 2025 के बीच अपने आईसीआईसीआई बैंक खाते से बताए गए खातों में कुल 7.80 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। रकम वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करने लगे। प्रदीप ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत की थी। अब पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है। केस-2
सेक्टर-63 निवासी मनीष कुमार जैन ने बताया कि उनके पास नेहा यादव के नाम से कॉल आई थी। उसने ऑनलाइन ट्रेडिंग अकाउंट खोलने के लिए उन्हें झांसे में लिया गया। मनीष ने 30 मई 2025 को पहले तीन लाख रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद अलग-अलग खातों में पांच लाख और 1.50 लाख रुपये और जमा कराए। कुल 9.50 लाख रुपये लगाने के बाद उन्होंने रकम निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। इस मामले में भी साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज हुआ है। तीसरी ठगी एक महिला के साथ हुई। केस-3
गौर सिटी-2 निवासी सृष्टि त्यागी को अनजान लोगों ने टेलीग्राम के जरिये संपर्क किया। आरोपियों ने वीडियो लाइक करने, रिव्यू देने और चैनल सब्सक्राइब करने के बदले कमाई का झांसा दिया। शुरुआत में छोटे भुगतान कर भरोसा जीता गया। इसके बाद अलग-अलग खातों में रकम जमा कराने के लिए कहा गया। महिला ने कुल 9.63 लाख रुपये जमा कर दिए। पैसे वापस मांगने पर उन्हें ब्लॉक कर दिया गया।

