झांसी में 4 हजार के लालच में फंसी महिला:1.80 लाख का लोन लेकर दलाल को दे दिया, वसूली के दवाब में पति की मौत

झांसी में 4 हजार के लालच में फंसी महिला:1.80 लाख का लोन लेकर दलाल को दे दिया, वसूली के दवाब में पति की मौत

झांसी में चार हजार रुपए के लालच में महिला ने अपने नाम पर 1.80 लाख रुपए का समूह लोन करा लिया। आरोप है कि महिला ने लोन की पूरी रकम दलाल को दे दी। दलाल ने करीब एक साल तक लोन की कुछ किस्तें जमा कीं, लेकिन बाद में किस्तें देना बंद कर दिया। इसके बाद बैंक की वसूली के लिए कर्मचारी महिला के घर पहुंचने लगे। मामले का पता चलने पर महिला ने दलाल के खिलाफ पुलिस से शिकायत की। सोमवार को पुलिस ने महिला और उसके पति को पुलिया नंबर नौ पुलिस चौकी बुलाया था। परिजनों का आरोप है कि चौकी में दलाल ने महिला को पहचानने से इनकार कर दिया। वहां से लौटने के बाद महिला के पति प्रभु दयाल की हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना प्रेमनगर थाना क्षेत्र के नगरा महावीरन की है। चार हजार रुपए के बदले लिया लोन मृतक प्रभु दयाल 50 वर्ष के थे। वह पत्नी भानकुंवर के साथ मजदूरी करते थे। उनके दामाद प्रेमनारायण राजपूत ने बताया कि मोहल्ले में रहने वाली एक महिला दलाली का काम करती है। करीब दो साल पहले उसने भानकुंवर से संपर्क किया था। प्रेमनारायण के मुताबिक, दलाल ने भानकुंवर से कहा था कि उसके नाम पर 1 लाख 80 हजार रुपए का समूह लोन कराया जाएगा। इसके बदले भानकुंवर और तीन अन्य महिलाओं को चार-चार हजार रुपए मिलेंगे। दलाल ने यह भी कहा था कि लोन की किस्तें वही जमा करेगी। इसके बाद भानकुंवर ने अपने नाम पर लोन करा लिया और पूरी रकम निकालकर दलाल को दे दी। इसके बदले उसे चार हजार रुपए भी मिले। परिजनों का आरोप है कि करीब एक साल तक दलाल ने लोन की कुछ किस्तें जमा कीं, लेकिन बाद में किस्तें देना बंद कर दिया। बैंक की वसूली पहुंची तो खुला मामला प्रेमनारायण ने बताया कि किस्तें बंद होने के बाद बैंक के लोग भानकुंवर के घर वसूली के लिए पहुंचने लगे। तब परिवार को पता चला कि लोन की पूरी रकम जमा नहीं हुई है। परिवार ने बैंक कर्मचारियों को बताया कि लोन की रकम उनके पास नहीं है।
आरोप है कि बैंक की ओर से उन्हें बताया गया कि लोन भानकुंवर के नाम पर है, इसलिए उसकी रकम भी उन्हें ही जमा करनी होगी। इसके बाद परिवार ने दलाल से संपर्क किया, लेकिन कथित तौर पर उसने जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया। चौकी में पहचानने से इनकार का आरोप परिजनों के मुताबिक, बैंक की वसूली और कर्ज को लेकर परेशान होने के बाद भानकुंवर ने दलाल के खिलाफ पुलिस से शिकायत की। सोमवार को पुलिस ने दोनों पक्षों को पुलिया नंबर नौ पुलिस चौकी बुलाया था।
प्रेमनारायण का आरोप है कि चौकी में दलाल ने भानकुंवर को पहचानने से ही इनकार कर दिया। इसके बाद प्रभु दयाल काफी परेशान हो गए। परिजनों का यह भी आरोप है कि चौकी से लौटते समय दलाल और उसके परिजनों ने पति-पत्नी के साथ मारपीट की। घर पहुंचते ही बिगड़ी हालत परिजनों के अनुसार, घर पहुंचने के बाद प्रभु दयाल बिस्तर पर लेट गए। कुछ देर बाद भानकुंवर ने देखा कि उनके शरीर में कोई हलचल नहीं हो रही थी। इसके बाद परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्रभु दयाल को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने मौत की वजह कर्ज और मानसिक तनाव को बताया है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *