भोपाल में पकड़ी गई तंबाकू गुटका बनाने की फैक्ट्री में टैक्स चोरी का आंकड़ा 100 करोड़ के पार हो गया है। डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) की टीम ने शु्क्रवार और शनिवार को छापेमारी की थी। इसकी जांच में पाया गया है कि भोपाल में जिस फैक्ट्री से गुटका तम्बाकू का प्रोडक्शन होना पाया गया है, उसके द्वारा हाथ से तंबाकू और गुटका बनाने का लाइसेंस लिया गया और फिर पांच मशीनें लगाकर प्रोडक्शन तेजी से किया जाने लगा था। आरोपी सुरेश सिंह ने टैक्स चोरी स्वीकार कर ली है। उसे छापे की कार्यवाही के बाद गैर जमानती अपराध के अंतर्गत जेल भेजा गया है। 70 बोरी सुपारी मिली मौके पर जांच दल को न्यू चौकसे नगर नवीबाग में संचालित फैक्ट्री परिसर से 65 से 70 बोरी सुपारी मिली है। साथ ही गुटखा और तम्बाकू बनाने का भारी मात्रा में सामान जब्त किया गया है। आरोपी के विरुद्ध नए एक्ट एचएसएनएस के अंतर्गत कार्यवाही की गई है। इस नियम में सेंट्रल एक्साइज ड्यूटी 83 से 92 प्रतिशत तथा सेस लगाने का प्रावधान है। जगदीशपुर में थी सूचना, चौकसे नगर में पकड़ाया डीजीजीआई की टीम को राजधानी के जगदीशपुर (इस्लामनगर) में यह फैक्ट्री संचालित होने की सूचना मिली थी। जब जांच की गई तो इसका ठिकाना न्यू चौकसे नगर नवीबाग निकाल है। इसके बाद वहां शु्क्रवार और शनिवार को छापेमारी करके अवैध फैक्ट्री संचालन पकड़ा गया और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उसे शनिवार को ही जेल भेज दिया गया था। शुरुआती जांच में यहां छापेमारी की कार्रवाई में तीस करोड़ रुपए की टैक्स चोरी का खुलासा हुआ था जो एसेसमेंट में सौ करोड़ पार कर गया है। गुरु नाम से बनता था गुटखा न्यू चौकसे नगर नवीबाग में संचालित की जा रही फैक्ट्री का संचालक सुरेश सिंह गुरु नाम से तंबाकू और गुटखा बनाता था। यह फैक्ट्री इस इलाके में चोरी छिपे संचालित की जा रही थी और इसके लीगल दस्तावेजों में भी कमी पाई गई है।

