बुलंदशहर में आवास विकास पुलिस चौकी के पास रहने वाले एनपीएस स्कूल के शिक्षक किशन सिंह उर्फ हैप्पी ने कथित तौर पर सल्फास खाकर खुदकुशी की कोशिश की। गंभीर हालत में परिजन उन्हें नोवा अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें फोर्टिस अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक, किशन सिंह रोज की तरह स्कूल की छुट्टी के बाद घर पहुंचे थे। उस समय उनके माता-पिता घर पर नहीं थे। इसी दौरान उन्होंने सल्फास की गोली खा ली। परिवार के लोग जब घर लौटे तो किशन सिंह बेहोशी की हालत में मिले। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। सुसाइड नोट में पत्नी और ससुराल वालों पर आरोप घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें किशन सिंह ने अपनी पत्नी मानसी, साले निशांत और सास सीमा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्र में किशन सिंह ने आरोप लगाया है कि शादी के करीब एक सप्ताह बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उन्हें परेशान कर रहे थे। पत्नी पर घर अपने नाम कराने का दबाव बनाने और ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। एक लाख रुपए मांगने का भी आरोप किशन सिंह ने सुसाइड नोट में आरोप लगाया कि ससुराल वाले उनसे एक लाख रुपए नकद मांग रहे थे। साथ ही उनके परिवार के लोगों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की धमकी भी दी जाती थी। शिक्षक के मुताबिक, लगातार हो रही परेशानी से तंग आकर उन्होंने अदालत में तलाक का केस भी दाखिल किया था। आरोप है कि इसके बाद उनकी परेशानी और बढ़ गई। पिता को धमकी देने का भी जिक्र सुसाइड नोट में किशन सिंह ने 12 जून 2026 को अपने पिता यशपाल सिंह को भी जान से मारने की धमकी दिए जाने का जिक्र किया है। पत्र में उन्होंने लगातार मिल रही कथित धमकियों और उत्पीड़न को अपने इस कदम की वजह बताया है। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शिक्षक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

