औरैया शहर के आवास विकास क्षेत्र स्थित आईडीबीआई बैंक में सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे अचानक आग लग गई। बैंक के अंदर से धुआं निकलता देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। आग के कारण बैंक के अंदर काफी धुआं भर गया था। शुरुआती जांच में बैंक के अंदर रखे फ्रिज में आग लगने की बात सामने आई है। कुछ ही देर में आग ने फ्रिज के पास रखी प्लाई और दूसरे सामान को भी अपनी चपेट में ले लिया। इससे बैंक परिसर में धुआं तेजी से भर गया।आग की सूचना मिलते ही बैंक स्टाफ भी बाहर आ गया। आसपास के लोगों की भीड़ जमा होने से मौके पर पुलिस ने स्थिति संभाली। धुआं ज्यादा होने से बुझाने में आई दिक्कत बैंक के अंदर धुआं इतना ज्यादा था कि दमकल कर्मियों को आग बुझाने में परेशानी हुई। टीम ने पहले आग पर काबू पाने के साथ बैंक के अंदर जमा धुएं को बाहर निकालने का काम शुरू किया। इसके लिए स्मोक एग्जॉस्टर का इस्तेमाल किया गया। दमकल कर्मी सुरक्षा किट पहनकर बैंक के अंदर दाखिल हुए और आग वाले हिस्से तक पहुंचकर हालात काबू में किए। पुलिस और दमकल टीम ने बैंक की जांच की घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस और दमकल कर्मियों ने बैंक स्टाफ के साथ मिलकर आग लगने की वजह की जानकारी जुटाई। आग बुझाने के बाद पूरे परिसर की जांच की गई।फिलहाल आग से बैंक में हुए कुल नुकसान का आकलन नहीं हो सका है। शुरुआती तौर पर फ्रिज और उसके आसपास रखा सामान जलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने की वास्तविक वजह और नुकसान का पता लगाने में जुटे हैं।

