भाजपा सभासद की परिवार समेत आत्मदाह की चेतावनी:बोले- वाट्सएप पर झूठी पोस्ट कर बदनाम किया जा रहा; कार्रवाई की मांग

भाजपा सभासद की परिवार समेत आत्मदाह की चेतावनी:बोले- वाट्सएप पर झूठी पोस्ट कर बदनाम किया जा रहा; कार्रवाई की मांग

शामली में शहर कोतवाली क्षेत्र में भाजपा जिला मंत्री और नगर पालिका सभासद ने अपने खिलाफ सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट वायरल किए जाने की शिकायत पुलिस से की है। सभासद का आरोप है कि व्हाट्सएप ग्रुपों में गलत जानकारी फैलाकर उन्हें बदनाम किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस से कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। व्हाट्सएप ग्रुपों में पोस्ट वायरल करने का आरोप भाजपा जिला मंत्री एवं वार्ड सभासद अनिल उपाध्याय ने रविवार शाम करीब 6 बजे बताया, कुछ लोग व्हाट्सएप ग्रुपों में उनके बारे में गलत जानकारी फैला रहे हैं। उनके मुताबिक, वायरल पोस्ट में नगर पालिका अध्यक्ष को मामले में क्लीन चिट मिलने की बात कही जा रही है। अनिल उपाध्याय ने आरोप लगाया कि इन पोस्ट के जरिए लोगों को गुमराह किया जा रहा है और इलाके में डर व भ्रम का माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। न्याय नहीं मिलने पर आत्मदाह की चेतावनी सभासद ने कहा कि अगर उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह परिवार के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर आत्मदाह करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर उनकी कोई गलती है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए, लेकिन गलत सूचनाएं फैलाकर उन्हें बदनाम नहीं किया जाए। उन्होंने अपनी और परिवार की जान को खतरा बताते हुए यह भी कहा कि अगर उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए पालिकाध्यक्ष अरविंद संगल जिम्मेदार होंगे। यह आरोप सभासद की ओर से लगाया गया है। एक दिन पहले नाला निर्माण को लेकर हुआ था विवाद इससे एक दिन पहले शनिवार को नगर पालिका के कौशांबी विहार में नाला और सड़क निर्माण को लेकर सभासद और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हुआ था। कहासुनी के बाद सभासद के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना के वीडियो भी सामने आए थे। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए थे। सभासद ने पालिकाध्यक्ष अरविंद संगल पर लोगों को उकसाकर हमला कराने का आरोप लगाया था। वहीं पालिकाध्यक्ष ने इस आरोप को गलत बताते हुए कहा था कि उनका घटना में कोई हाथ नहीं है। पालिकाध्यक्ष समेत 6 लोगों के खिलाफ एफआईआर सभासद की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पालिकाध्यक्ष अरविंद संगल, राजकुमार, हर्ष, बारू, अर्चना शर्मा और अमरेश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच जारी है। मीडिया सेल करेगी वायरल पोस्ट की जांच कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट की जांच मीडिया सेल से कराई जाएगी। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *