हरदोई के बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र में लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह सड़क हादसे में प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक की मौत हो गई। टोंडरपुर फ्लाईओवर और पेट्रोल पंप के बीच पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। वाहन की तलाश में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पैतृक गांव से घर लौट रहे थे शिक्षक जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय बटेश्वर पुत्र पेम्मा ब्लॉक टोंडरपुर के प्राथमिक विद्यालय पाण्डेय तारा में प्रधानाध्यापक थे। वह पत्नी सुनीता, एक बेटे और दो बेटियों के साथ देहात कोतवाली क्षेत्र के अब्दुल पुरवा में रहते थे। शनिवार दोपहर स्कूल की छुट्टी के बाद वह खेती के काम से अपने पैतृक गांव सरायं खास गए थे और वहीं रुक गए थे। रविवार सुबह करीब 11:30 बजे वह स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। पीछे से आए वाहन ने मारी टक्कर बटेश्वर की स्कूटी लखनऊ-पलिया हाईवे पर टोंडरपुर फ्लाईओवर और पेट्रोल पंप के बीच पहुंची थी, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष मार्कंडेय सिंह ने बताया कि वाहन की तलाश के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। शिक्षक की अचानक मौत से परिवार में शोक है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

