मक्सी में फोरलेन निर्माण स्थल पर दो हादसे:युवक गड्ढे में गिरा; पीडब्ल्यूडी कर्मचारी घायल, सुरक्षा इंतजाम नहीं

मक्सी में फोरलेन निर्माण स्थल पर दो हादसे:युवक गड्ढे में गिरा; पीडब्ल्यूडी कर्मचारी घायल, सुरक्षा इंतजाम नहीं

शाजापुर जिले के मक्सी शहर में फोरलेन का निर्माण लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। निर्माणाधीन पुलियाओं, गड्ढों और डायवर्जन के पास सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से हादसों का खतरा बढ़ गया है। शनिवार रात निर्माण स्थल पर दो अलग-अलग हादसे हुए। इनमें एक युवक बाइक समेत 7 फीट गहरे गड्ढे में गिर गया, वहीं एक पीडब्ल्यूडी कर्मचारी कार की चपेट में आकर घायल हो गया। सुदर्शन फैक्ट्री के पास निर्माणाधीन पुलिया के पास यह हादसा हुआ। युवक बाइक सहित गड्ढे में गिरा और उसे चोटें आईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर मौके पर पर्याप्त संकेतक और सुरक्षा व्यवस्था होती तो यह हादसा टाला जा सकता था। इसी तरह, नई आबादी स्थित शराब दुकान के पास भी सुरक्षा संकेतक नहीं थे। यहां पीडब्ल्यूडी कर्मचारी आकाश राठौर कार की चपेट में आ गए। इस हादसे में उनके पैर में गंभीर चोट लगी। जब निर्माण स्थल पर काम करने वाला कर्मचारी ही सुरक्षित नहीं है, तो आम वाहन चालकों की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है। फोरलेन निर्माण के कारण एबी रोड से तिलक स्कूल जाने वाली सड़क पर ठेकेदार ने गहरी खुदाई कर दी है। इससे यह रास्ता घाटीनुमा हो गया है और स्कूल बसों व चार पहिया वाहनों की आवाजाही लगभग बंद हो गई है। शिक्षक कॉलोनी में रहने वाले 50 से ज्यादा विद्यार्थी पिछले करीब 15 दिनों से पैदल स्कूल आने-जाने को मजबूर हैं। नगर के अनूप सोनी, डीसी पुष्पद, राम पाटीदार और मांगीलाल गोयल ने कहा कि निर्माण एजेंसी की जिम्मेदारी सिर्फ सड़क बनाना नहीं, बल्कि काम पूरा होने तक लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करना है। उन्होंने प्रशासन से सभी पुलियाओं और डायवर्जन का निरीक्षण कर तुरंत बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *