गणेश पंडाल में धूमधाम से मनी राधाष्टमी:बच्चों ने धरे राधा रानी के मनमोहक स्वरूप, भजनों पर किया नृत्य

गणेश पंडाल में धूमधाम से मनी राधाष्टमी:बच्चों ने धरे राधा रानी के मनमोहक स्वरूप, भजनों पर किया नृत्य

फतेहाबाद के मोहल्ला राजपूत स्थित गणेश पंडाल में राधा अष्टमी के पावन पर्व पर राधा रानी का जन्मोत्सव बड़े धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरे पंडाल को फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से बेहद आकर्षक रूप से सजाया गया था। कार्यक्रम की शुरुआत विघ्नहर्ता भगवान गणेश जी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। पुजारी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न कराई गई। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा की महाआरती में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बप्पा की वंदना के पश्चात राधा अष्टमी उत्सव का मुख्य कार्यक्रम शुरू किया गया। बच्चों के मनमोहक स्वरूप और भजनों ने मोहा मन इस दौरान बड़ी संख्या में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा रानी की वेशभूषा धारण कर मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कीं। बच्चों ने मंच पर राधा रानी के भजनों पर सुंदर नृत्य और भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए, जिसे देखकर पंडाल में मौजूद सभी श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। पूरा पंडाल “राधे-राधे” और “जय श्री राधे” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने राधा रानी की झांकियों के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन समिति ने बताया कि गणेश उत्सव के साथ राधा अष्टमी का यह संयुक्त आयोजन क्षेत्र में प्रेम और भक्ति का संदेश देता है। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर मुख्य रूप से जितेंद्र गुप्ता, अंकित गुप्ता, सुलभ झा, मयंक गुप्ता, आलोक गुप्ता, आर्यन गुप्ता, अमन, आदर्श, यान्नी झा, तान्या गुप्ता, युक्ति गुप्ता और प्रीति समेत अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *