अजमेर के गढ़ी मालियान में शनिवार देर रात फर्नीचर व्यवसायी अशोक शर्मा (59) ने पत्नी और बेटी के साथ जहर खाकर सुसाइड कर लिया। घटना के समय बेटा गौरव दूसरे कमरे में सो रहा था। जबकि उसकी पत्नी पीहर गई हुई थी। जहर खाने से पहले उन्होंने भांजे की पत्नी को फोन कर कहा था- अलविदा। अब बात नहीं होगी। बिजनेसमैन के रिश्तेदारों का दावा है कि उनके ऊपर लाखों का कर्ज था। आशंका है कि इसलिए उन्होंने पत्नी इंद्रा शर्मा और बेटी दीक्षा के साथ सुसाइड किया है। भांजे ने पड़ोसी को घर भेजा तो तड़प रहे थे एएसआई संजय कुमार ने बताया कि व्यवसायी ने फुलेरा (जयपुर) में रहने वाले भांजे निर्मल को रात करीब आठ बजे फोन किया था। उसकी पत्नी ने फोन उठाया तो अशोक ने कहा था- अब बात नहीं होगी। इसके बाद उन्होंने फोन कट कर दिया। पत्नी ने निर्मल को इसकी जानकारी दी। निर्मल ने अशोक के पड़ोसी गुरुदत्त को फोन कर तुरंत उनके घर जाने के लिए कहा। वो घर पहुंचे तो अशोक, उनकी पत्नी और बेटी ने जहर पी लिया था। तीनो बेड पर तड़प रहे थे। हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत गुरुदत्त व दूसरे पड़ोसी तीनों को लेकर जेएलएन हॉस्पिटल पहुंचे। यहां इलाज के दौरान अशोक ने दम तोड़ दिया। इसके बाद इंद्रा और दीक्षा की भी मौत हो गई। वहीं, मां-बाप और बहन के सुसाइड की जानकारी मिलने पर बेटा सदमे के कारण गौरव बेहोश हो गया। गौरव जयपुर में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। दो दिन पहले ही वह घर आया था। आसपास रहने वाले लोगों ने पुलिस को बताया कि मृतक अशोक पर लाखों का कर्ज था। इसे लेकर वह परेशान था। जहर की ज्यादा मात्रा पीने से तुरंत मौत- डॉक्टर जेएलएन हॉस्पिटल के डॉक्टर्स ने आशंका जताई है कि जहर की ज्यादा मात्रा पीने से उनकी कुछ देर में ही मौत हो गई। सामूहिक सुसाइड की जानकारी के बाद कई बड़े पुलिस अधिकारी भी बिजनेसमैन के घर पहुंचे। एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए। वहीं, थानाप्रभारी ओमप्रकाश का कहना है कि घटना को लेकर अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगा। पुलिस सुसाइड के असल कारणों का पता लगा रही है।

