ग्वालियर. परमवीर चक्र से सम्मानित फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों के अदम्य साहस और बलिदान को श्रद्धांजलि देने के लिए भारतीय वायुसेना की ओर से 4 अक्टूबर को ग्वालियर में सेखों इंडियन एयरफोर्स मैराथन का आयोजन किया जाएगा। मैराथन का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को फिटनेस, अनुशासन, खेल भावना और राष्ट्रप्रेम के प्रति प्रेरित करना है। ग्वालियर में यह आयोजन लगातार दूसरी बार किया जा रहा है। इस बार मैराथन की थीम ‘द विंग्स ऑफ करेज’ रखी गई है। मैराथन के संबंध में जानकारी देते हुए शिववीर सिंह भदौरिया ने बताया कि सेखों इंडियन एयरफोर्स मैराथन का आयोजन ग्वालियर सहित देश के सात राज्यों में किया जा रहा है। इसमें बालक-बालिकाओं के साथ महिला और पुरुष प्रतिभागी भी हिस्सा ले सकेंगे। आयोजन को विभिन्न आयु वर्ग और प्रतिभागियों की क्षमता को ध्यान में रखते हुए तीन श्रेणियों में रखा गया है। इसमें 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 21 किलोमीटर की दौड़ शामिल है। ‘द विंग्स ऑफ करेज’ थीम पर होगा आयोजन, 21 किमी के विजेता को 10 हजार रुपए का पुरस्कार।
सुबह 5 बजे एयरफोर्स स्टेशन से होगी शुरुआत
सत्येन्द्र रईखेड़ा ने बताया कि मैराथन की शुरुआत सुबह 5 बजे एयरफोर्स स्टेशन महाराजपुरा स्पोर्ट्स मैदान से होगी। प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग दूरी की दौड़ निर्धारित की गई है। आयोजन के जरिए लोगों को नियमित व्यायाम और दौड़ जैसी गतिविधियों को जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार मैराथन केवल प्रतिस्पर्धा का मंच नहीं, बल्कि फिटनेस और अनुशासित जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी माध्यम है।
1.38 लाख की पुरस्कार राशि
मैराथन में विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं के लिए कुल 1 लाख 38 हजार रुपए की पुरस्कार राशि रखी गई है। 21 किलोमीटर वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले धावक को 10 हजार, द्वितीय को 7 हजार और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 5 हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसी तरह 10 किलोमीटर वर्ग में विजेता को 5 हजार, उपविजेता को 3 हजार और तीसरे स्थान पर रहने वाले धावक को 2 हजार रुपए दिए जाएंगे। 15 वर्ष से कम आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए भी विशेष पुरस्कार रखे गए हैं। इस वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 7 हजार, द्वितीय को 5 हजार और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 3 हजार रुपए का पुरस्कार मिलेगा।
धावकों को टी-शर्ट और मेडल भी
पंकज शर्मा ने बताया कि मैराथन में शामिल होने वाले धावकों को आयोजन की स्मृति के रूप में टी-शर्ट और कैप प्रदान की जाएगी। दौड़ पूरी करने वाले प्रतिभागियों को फिनिशर मेडल भी दिया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि ग्वालियर में लगातार दूसरे वर्ष होने वाले इस आयोजन में शहर के युवाओं, खेलप्रेमियों और आम नागरिकों की भागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है। मैराथन के माध्यम से फिटनेस के साथ देश के वीर जवानों के साहस और बलिदान की स्मृति को भी लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

