पीलीभीत जिले के माधोटांडा थाना क्षेत्र में गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद एक युवक की मौत हो गई। शुक्रवार को हरदोई ब्रांच नहर में डूबे 18 वर्षीय युवक संगम का शव दूसरे दिन शनिवार शाम करीब पांच बजे घटनास्थल से कुछ दूरी पर बरामद किया गया। शव मिलते ही परिजनों में मातम छा गया और पूरे माधोटांडा कस्बे में गम का माहौल बन गया। माधोटांडा कस्बे के वार्ड नंबर चार निवासी त्रिवेणी सहाय का 18 वर्षीय बेटा संगम शुक्रवार को गणेश विसर्जन शोभायात्रा में शामिल हुआ था। ढोल-नगाड़ों के साथ श्रद्धालुओं का यह जुलूस प्रतिमा विसर्जन के लिए कलीनगर पुल के पास हरदोई ब्रांच नहर पहुंचा था। शाम करीब चार बजे विसर्जन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी। इसी दौरान संगम का संतुलन बिगड़ा और वह नहर के गहरे पानी में गिर गया। युवक को पानी में बहता देख वहां मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी के तेज बहाव के कारण वह पल भर में आंखों से ओझल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही माधोटांडा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया गया। शुक्रवार देर शाम तक काफी कोशिशों के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। शनिवार सुबह पुलिस और गोताखोरों की टीम ने नहर में दोबारा तलाश अभियान शुरू किया। लगातार प्रयासों के बाद शनिवार शाम पांच बजे घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर संगम का शव तैरता हुआ मिला। शव को पानी से बाहर निकालते ही वहां मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। माधोटांडा थाना अध्यक्ष अशोक पाल ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

