काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर ने सीमा पार से होने वाली नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक क्रॉस-बॉर्डर नारकोटिक्स स्मगलिंग मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। टीम ने कार्रवाई के दौरान तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 17 किलो हेरोइन बरामद की गई है। सीमा पार बैठे तस्करों से संपर्क में थे आरोपी प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सीमा पार बैठे नशा तस्करों के संपर्क में थे। आरोपियों पर आरोप है कि वे सीमा पार से हेरोइन की खेप हासिल कर आगे सप्लाई करने का काम कर रहे थे। काउंटर इंटेलिजेंस की कार्रवाई के बाद अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही पुलिस इस मामले में थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस की ओर से मामले की आगे की जांच जारी है। जांच के दौरान आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक तलाशे जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हेरोइन की खेप कहां से पहुंचाई जा रही थी और इसे आगे किन लोगों तक सप्लाई किया जाना था। पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी जांच एजेंसियां नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान करने और सीमा पार से चलाए जा रहे नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क को तोड़ने के लिए जानकारी जुटा रही हैं। पुलिस इस मामले में आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। पंजाब पुलिस ने कहा है कि सीमा पार से होने वाली तस्करी पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है। नशा तस्करी और संगठित आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

