दतिया के चिरूला थाना क्षेत्र में डगरई टोल प्लाजा के पास एक युवक से मारपीट का वीडियो शनिवार को सामने आया है। वीडियो में एक महिला समेत कुछ लोग युवक के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। डालडा फैक्टरी के पास रहने वाले 29 वर्षीय संजय कुशवाहा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। संजय ने मारपीट के बाद जबरन गांधारी रोड पर ले जाकर छोड़ने और सोने की चेन व मोबाइल फोन लूटने का आरोप लगाया है। उसने पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए एसपी से शिकायत की, जहां से उचित कार्रवाई का आश्वासन मिला है। सिगरेट लेने रुका था, विवाद के बाद मारपीट का आरोप संजय ने पुलिस को बताया कि 16 सितंबर की रात करीब साढ़े 12 बजे वह अपने दोस्त आदिल खान के साथ अल्टो कार से दतिया से झांसी जा रहा था। डगरई टोल प्लाजा के पास वह दीपक पाल की दुकान से सिगरेट लेने रुका था। आरोप है कि शराब के नशे में दीपक पाल ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। संजय के मुताबिक, विरोध करने पर दीपक पाल और उसके एक साथी ने उसे जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों से मारपीट की। इसमें उसकी बाईं आंख, दाहिने गाल, गर्दन, दाहिनी कोहनी और पीठ पर चोटें आईं। उसका कहना है कि दोस्त आदिल खान ने बीच-बचाव किया और पूरी घटना देखी। थाने में शिकायत करने पर धमकी देने का आरोप संजय ने आरोप लगाया कि मारपीट करने वालों ने थाने में शिकायत करने पर उसे जान से खत्म करने की धमकी भी दी। इसके बाद उसने आरोप लगाया कि उसे जबरन ले जाकर गांधारी रोड पर छोड़ दिया गया। संजय ने सोने की चेन और मोबाइल फोन लूटने का भी आरोप लगाया है। एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग संजय ने मामले में पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए एसपी से शिकायत की और कार्रवाई की मांग की। एसपी की ओर से उसे उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। पुलिस बोली- मारपीट का केस दर्ज, लूट की पुष्टि नहीं चिरूला थाना प्रभारी हिमांशु भार्गव ने बताया कि युवक के साथ मारपीट की घटना हुई है और मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में लूट जैसी कोई वारदात सामने नहीं आई है। वायरल वीडियो और शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों की भी जांच की जा रही है।

