बुलंदशहर के जहांगीरपुर थाने में तैनात एसआई कुंवर पाल सिंह की शनिवार को ड्यूटी के दौरान मौत हो गई। दरोगा थाने में प्रशासनिक काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके शरीर में खिंचाव और अकड़न होने लगी और वह बेहोश होकर गिर पड़े। साथी पुलिसकर्मी उन्हें खुर्जा के कैलाश अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी मौत हार्ट अटैक से करीब तीन घंटे पहले हो चुकी थी। कुंवर पाल सिंह (59) मूल रूप से मुरादाबाद के भगतपुर थाना क्षेत्र के डूंगरपुर गांव के रहने वाले थे। वह 1986 बैच के पुलिसकर्मी थे और वर्तमान में जहांगीरपुर थाने में एसआई के पद पर तैनात थे। शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे वह थाने में अपनी प्रशासनिक ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके शरीर में खिंचाव और अकड़न होने लगी। कुछ ही देर में वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें संभाला और तत्काल अस्पताल ले जाने की तैयारी की। साथी पुलिसकर्मी खुर्जा के कैलाश अस्पताल ले गए पुलिसकर्मी कुंवर पाल सिंह को तुरंत खुर्जा स्थित कैलाश अस्पताल ले गए। अस्पताल के डायरेक्टर ठा. सत्य प्रकाश सिंह के मुताबिक जब दरोगा को अस्पताल लाया गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। कैलाश अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. दिग्विजय सिंह ने बताया कि पुलिसकर्मी को दोपहर करीब 1:10 बजे इमरजेंसी में लाया गया था। जांच और ईसीजी के दौरान उन्हें मृत पाया गया। इमरजेंसी लाइफ सपोर्ट देने के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
डॉक्टर बोले- करीब तीन घंटे पहले हो चुकी थी मौत अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक डॉक्टरों की जांच में सामने आया कि कुंवर पाल सिंह की मौत करीब तीन घंटे पहले हो चुकी थी। डॉक्टरों ने मौत की वजह हार्ट अटैक बताई है। अचानक ड्यूटी के दौरान हुई मौत की खबर से थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों में शोक फैल गया। साथी पुलिसकर्मी उनके साथ बिताए समय को याद करते हुए भावुक नजर आए। परिजन खुर्जा रवाना, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू घटना की जानकारी पुलिस विभाग और कुंवर पाल सिंह के परिजनों को दी गई। सूचना मिलने के बाद परिजन खुर्जा के लिए रवाना हो गए। शव को अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में रखा गया है। पुलिस के मुताबिक शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। कुंवर पाल सिंह के निधन से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।

