जींद जिला सीआईए स्टाफ ने 5 लाख रुपए की फिरौती मांगने के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में अब तक कुल चार आरोपी पकड़े जा चुके हैं। सीआईए स्टाफ जींद के प्रभारी यादवेंद्र सिंह ने बताया कि रोहतक रोड, जींद निवासी तुषार ने पुलिस को शिकायत दी थी। तुषार ने बताया कि उसे दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल आई थी। कॉल करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने खुद को डेविड, रोहित और रामपाल का दोस्त बताया। उसने तुषार से 5 लाख रुपए की मांग की और हर महीने पैसे देने का दबाव बनाया। पैसे न देने पर उसे जान से मारने और गंभीर नतीजे भुगतने की धमकी दी गई। खुद को बड़े संगठन से जुड़ा बताया आरोपी ने खुद को एक बड़े संगठन से जुड़ा बताया और हथियार होने की बात कहकर डराने की कोशिश की। इस शिकायत के आधार पर थाना शहर जींद में 3 सितंबर 2026 को आईपीसी की धारा 308(4) और 351(3) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया था। आगे की जांच सीआईए स्टाफ जींद को सौंपी गई थी। दो आरोपियों को भेजा जा चुका जेल 6 सितंबर 2026 को सीआईए स्टाफ जींद ने तकनीकी जांच और सबूतों के आधार पर नवीन उर्फ नोनी (कालवा निवासी) और दिनेश उर्फ बाला (भिवानी रोड, जींद निवासी) को पहले गिरफ्तार किया था। इन दोनों को कोर्ट के आदेश पर जिला जेल भेजा जा चुका है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ जारी सीआईए स्टाफ की टीम ने आगे कार्रवाई करते हुए रोहित उर्फ राणा (रामवीर कॉलोनी, जींद निवासी) और जतिन उर्फ डेविड (रामराय निवासी) को भी गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों को कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

