बैंक में युवक के बैग से 1 लाख की चोरी:SBI में पैसे जमा करने आए पिता-पुत्र के साथ वारदात, पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही

बैंक में युवक के बैग से 1 लाख की चोरी:SBI में पैसे जमा करने आए पिता-पुत्र के साथ वारदात, पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही

कासगंज शहर के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की मुख्य शाखा में शुक्रवार दोपहर एक युवक के बैग से 1 लाख रुपये चोरी हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। यह घटना शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे हुई। सोरों थाना क्षेत्र के गोयती गांव के रहने वाले 25 साल के रितेश कुमार अपने पिता रोहन सिंह के साथ बैंक में पैसे जमा कराने आए थे। रितेश के बैग में कुल 2 लाख 48 हजार रुपये रखे थे। बैग की एक चेन में 2 लाख रुपये और दूसरी चेन में 48 हजार रुपये थे। रितेश ने बताया कि वे बैंक में पैसे जमा करने के लिए लाइन में खड़े थे। उनके पीछे उनके पिता भी थे। इसी दौरान लाइन में खड़ी एक महिला ने मौका देखकर उनके बैग की चेन खोली और 1 लाख रुपये निकाल लिए। पैसे गायब होने का पता चलते ही बैंक में हंगामा हो गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अपनी टीम के साथ बैंक पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है, ताकि संदिग्ध महिला की पहचान की जा सके। बैंक कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। शिकायत के आधार पर जरूरी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान करके उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *