University of Western Australia Mumbai campus: मुंबई में यूनिवर्सिटी ऑफ वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया (UWA) के नए कैंपस की शुरुआत हो गई है। इस मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह कैंपस राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा। उन्होंने कहा कि अब भारतीय छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करने के लिए विदेश जाने की जरूरत कम होगी और उन्हें देश में ही वैश्विक स्तर की शिक्षा का अवसर मिलेगा।
महाराष्ट्र में अब तक सात अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि महाराष्ट्र में अब तक सात अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों को जगह मिली है। इनमें से यूनिवर्सिटी ऑफ वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया का मुंबई कैंपस हाल ही में शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के साथ महाराष्ट्र सरकार द्वारा किए गए समझौते अब जमीन पर दिखाई देने लगे हैं। अगस्त में तीन विश्वविद्यालयों के काम की शुरुआत हुई थी और अब UWA का कैंपस भी शुरू हो गया है।
विदेशी मुद्रा बचाने में मिलेगी मदद
फडणवीस ने कहा कि अगर भारतीय छात्रों को देश में ही अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा मिलती है और वे पढ़ाई के लिए विदेश जाने के बजाय भारत में रहते हैं, तो इससे विदेशी मुद्रा बचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि UWA का कैंपस एक रिसर्च सेंटर के रूप में भी विकसित हो रहा है। इससे शोध और शिक्षा के क्षेत्र में गतिविधियां बढ़ेंगी, जिसका फायदा महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था को भी मिलेगा।
तीन भारतीय छात्रों को 100% स्कॉलरशिप
UWA की ओर से ‘चीफ मिनिस्टर स्कॉलरशिप’ शुरू की गई है। इसके तहत तीन भारतीय छात्रों को 100 प्रतिशत स्कॉलरशिप दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय संस्थानों की मौजूदगी से मुंबई का वैश्विक महत्व भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय संगठनों के साथ किए जा रहे समझौते अब धीरे-धीरे आकार ले रहे हैं।
नवी मुंबई में बनेगी Education City
फडणवीस ने बताया कि फिलहाल इन अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के जो कैंपस शुरू हुए हैं, वे अस्थायी हैं। महाराष्ट्र सरकार की योजना के अनुसार इन विश्वविद्यालयों के स्थायी मुख्य कैंपस नवी मुंबई की Education City में बनाए जाएंगे। इस Education City में करीब 80 हजार से 1 लाख छात्र पढ़ाई कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि अलग-अलग विश्वविद्यालयों के कैंपस चरणबद्ध तरीके से विकसित किए जा रहे हैं।

