अशोकनगर जिले के ईसागढ़ तहसील क्षेत्र स्थित श्री आनंदपुर धाम में 100वें अवतरण दिवस और जन्म शताब्दी महोत्सव की तैयारियां आखिरी चरण में हैं। 20 सितंबर को होने वाले मुख्य आयोजन में देशभर से श्रद्धालु पहुंचेंगे। कई दिनों से श्रद्धालु और आयोजन से जुड़े लोग व्यवस्थाओं में लगे हैं। धाम परिसर, मंदिर और अन्य जगहों पर सजावट की गई है। श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए उनके ठहरने का इंतजाम किया गया है। परिसर में अस्थाई वॉशरूम और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी की गई हैं। दो दिवसीय आयोजन की शुरुआत 19 सितंबर से होगी। सुबह 6 बजे श्री आनंद सरोवर में स्नान के बाद श्री परमहंस अद्वैत मंदिर में आरती-पूजा होगी। सुबह 11:30 बजे विशाल सत्संग भवन में परम पावन श्री दर्शन होंगे। शाम 7 बजे श्री आनंद शांति भवन में आरती-पूजा और रात 8:30 बजे शताब्दी अवतरण दिवस के मौके पर विशेष कार्यक्रम होगा। 20 सितंबर को शताब्दी समारोह
20 सितंबर को सुबह 7:30 बजे श्री आनंद शांति कुंज में आरती और शताब्दी समारोह होगा। शाम 4:45 बजे विशाल सत्संग भवन में परम पावन श्री दर्शन होंगे। इसके बाद शाम करीब 7 बजे श्री आनंद शांति भवन में आरती-पूजा का आयोजन किया जाएगा। धाम प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से धाम की गरिमा और पवित्रता बनाए रखने की अपील की। महिलाओं से सलवार-सूट, लंबी कुर्ती-पायजामी जैसी सरल और पारंपरिक वेशभूषा में आने को कहा गया है। पुरुषों से शर्ट-पैंट, कुर्ता-पायजामा जैसी अन्य सरल पारंपरिक पोशाक में आने का अनुरोध किया गया है। मंदिर और उपासना स्थलों में प्रवेश के दौरान सिर ढककर रखने की अपील भी की गई है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अपने आचरण और पहनावे से धाम की पवित्रता और गरिमा बनाए रखने का अनुरोध किया है।

