गोंडा में विनोद साहनी हत्याकांड के विरोध में हुए प्रदर्शन को लेकर सपा नेत्री काजल निषाद, राजा निषाद समेत 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने शव को मुख्य मार्ग पर रखकर जाम लगाया और सरकारी काम में बाधा डाली। उप निरीक्षक आकाशदीप की तहरीर पर 12 सितंबर की रात 9:25 बजे मुकदमा दर्ज किया गया। मामला परसपुर थाना क्षेत्र का है। 11 सितंबर को सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन का आरोप पुलिस के मुताबिक, विनोद साहनी की 10 सितंबर को लखनऊ केजीएमयू में इलाज के दौरान मौत हुई थी। पोस्टमार्टम के बाद उसी रात शव रेक्सड़िया गांव पहुंच गया था। 11 सितंबर को अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान काजल निषाद, राजा निषाद और उनके साथ आए करीब 50-60 लोगों के रेक्सड़िया पहुंचने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि इसके बाद शव को घर से उठाकर चचरी-भौरीगंज मुख्य मार्ग पर दोपहर करीब 12 बजे रख दिया गया और प्रदर्शन शुरू किया गया। घंटों यातायात बाधित होने का आरोप एफआईआर के मुताबिक, सड़क पर शव रखे जाने से दोनों तरफ का यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने आरोप लगाया है कि एंबुलेंस समेत अन्य वाहन भी फंसे रहे और आम लोगों को परेशानी हुई। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन समाप्त कराने के लिए समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। पुलिस अधिकारी को धमकाने का भी आरोप तहरीर में परसपुर थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल राय से कथित तौर पर अभद्रता और धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस के मुताबिक, राजा निषाद ने थाना प्रभारी से आपत्तिजनक टिप्पणी की। इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की बात भी पुलिस ने कही है। एसडीएम से भी बहस का वीडियो सामने आने का दावा पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान एसडीएम से भी तीखी बहस हुई थी। तहरीर में एसडीएम को लेकर की गई कथित टिप्पणी का जिक्र किया गया है। पुलिस के मुताबिक, इससे जुड़े वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए थे। प्रदर्शन के वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। 12 सितंबर को दर्ज हुआ मुकदमा उप निरीक्षक आकाशदीप की तहरीर पर काजल निषाद, राजा निषाद समेत 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा, सड़क जाम करने और यातायात प्रभावित करने से जुड़ी धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई परसपुर थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल राय ने मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि एफआईआर की प्रति नियमानुसार वादी को दी जाती है और मामले में पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

