मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र के ग्राम बिगौड़ी में बुधवार देर रात कुएं से युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान भैयालाल उर्फ भैयन कोल (36) पिता रामाश्रय कोल, निवासी बिगौड़ी के रूप में हुई है। घटना के बाद कुछ देर के लिए गांव में तनाव की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर एसडीओपी अमरपाटन ख्याति मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। तीन युवकों के साथ कुएं के पास बैठा था जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम युवक घर से निकला था। बताया जा रहा है कि वह अफसर खान समेत तीन अन्य युवकों के साथ कुएं के पास बैठा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान युवक के कुएं में गिरने की बात सामने आई है। परिजनों ने गला दबाकर फेंकने का आरोप लगाया मृतक के परिजनों का आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद युवक के साथ मारपीट की गई और गला दबाकर उसे कुएं में फेंक दिया गया। हालांकि पुलिस अभी इन आरोपों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। देर रात कुएं से निकाला शव देर रात कुएं में शव होने की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। मृतक के परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के लिए तैयार नहीं थे। बुधवार-गुरुवार की देर रात करीब तीन घंटे तक पुलिस ने परिजनों को समझाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। भाई ने तीन लोगों पर आरोप लगाया मृतक के भाई मुकेश रावत ने आरोप लगाया कि जब वह दुकान से बीड़ी खरीदने गया था, तब कुएं के पास अफसर खान, पम्पू खान और अजमेर खान ने भैयालाल का गला दबाकर उसे कुएं में फेंक दिया। पुलिस इस आरोप की भी जांच कर रही है। तस्वीरे देखिए… पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया ताला थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना से जुड़े बताए जा रहे तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसडीओपी ख्याति मिश्रा के मुताबिक परिजनों ने कुछ लोगों पर संदेह जताया है, जिसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति होगी स्पष्ट पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम से प्राप्त तथ्यों और जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में गांव की स्थिति सामान्य है। पुलिस विवाद की वजह, युवक के कुएं में गिरने और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

