बालाघाट के लांजी में गुरुवार सुबह आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) की टीम ने सेवा सहकारी समिति मनेरी के प्रभारी प्रबंधक विलास चौरे के घर दबिश दी। नीमटोला स्थित उनके आवास पर सुबह करीब 6 बजे डीएसपी के नेतृत्व में टीम पहुंची। EOW की टीम आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच कर रही है। फिलहाल विभाग की ओर से कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। सुबह 6 बजे पहुंची टीम, घर में जांच जारी EOW के अधिकारी गुरुवार सुबह चौरे के आवास पर पहुंचे और जांच शुरू की। टीम घर में मौजूद दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक कार्रवाई पूरी होने के बाद ही मामले में विस्तृत जानकारी सामने आएगी। परिवार के नाम कृषि यंत्र का कारोबार विलास चौरे वर्तमान में सेवा सहकारी समिति मनेरी में प्रभारी प्रबंधक के पद पर हैं। उनके परिवार के नाम कृषि यंत्र बेचने का व्यवसाय भी बताया गया है। इसके अलावा ‘मातोश्री’ नाम से बालाघाट से हैदराबाद रूट पर तीन बसों का संचालन किए जाने की जानकारी सामने आई है। जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी स्थिति EOW की कार्रवाई फिलहाल जारी है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में टीम संपत्ति और आय से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। विभाग की ओर से जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि चौरे के पास आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक कितनी संपत्ति मिली है। 15 दिन में जिले में EOW की दूसरी कार्रवाई बालाघाट जिले में करीब एक पखवाड़े के भीतर EOW की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 3 सितंबर को EOW ने बालाघाट के पीआईयू-ई कमलकिशोर सिंगारे के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में कार्रवाई की थी। जांच में उनकी आय से 378 प्रतिशत अधिक, करीब 11 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति मिलने की बात सामने आई थी। इसमें नकदी के साथ पत्नी और बेटों के नाम पर संपत्तियां मिलने की जानकारी दी गई थी।

