नंदीग्राम और रेजीनगर Bypolls में TMC के दोनों गुटों ने भरा पर्चा

नंदीग्राम और रेजीनगर Bypolls में TMC के दोनों गुटों ने भरा पर्चा

पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा क्षेत्रों में छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के लिए बुधवार को तृणमूल कांग्रेस के दोनों गुटों के उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के नाम और ‘जोड़ा फूल’ चुनाव चिह्न के साथ पर्चा भरा। यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है, जब निर्वाचन आयोग के तृणमूल कांग्रेस की पहचान और चुनाव चिह्न पर ममता बनर्जी और ऋतब्रत बनर्जी नीत प्रतिद्वंद्वी गुटों के दावे पर बृहस्पतिवार को अंतरिम फैसला लेने की संभावना है।

नंदीग्राम से ममता खेमे की उम्मीदवार संचिता प्रधान डे ने हल्दिया अनुमंडल कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान तृणमूल के पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता अखिल गिरि भी उनके साथ मौजूद थे। डे ने कहा, “मुझे तृणमूल कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर नामांकन पत्र दाखिल करने की अनुमति दी गई है, जिस पर ममता बनर्जी के हस्ताक्षर हैं।

मैंने उसी के अनुसार अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। मैं पार्टी के निर्देश के अनुसार चुनाव प्रचार करूंगी।”
यह पूछे जाने पर कि क्या ममता नंदीग्राम में उनके समर्थन में प्रचार करेंगी, डे ने कहा कि इस संबंध में फिलहाल कोई विस्तृत चर्चा नहीं की गई है। उन्होंने कहा, “मेरे लिए कौन प्रचार करेगा, यह मुझे नहीं पता।

योजना अब बनाई जाएगी।”
भाजपा ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी रहे चंद्रनाथ रथ की मां हसीरानी रथ को नंदीग्राम से अपना उम्मीदवार बनाया है। चंद्रनाथ की इस साल पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद हत्या कर दी गई थी। ऋतब्रत गुट ने नंदीग्राम में मोहम्मद एतेशामुल हक को मैदान में उतारा है, जबकि रेजीनगर में उसने सफीउज्जमान शेख को टिकट दिया है।

शेख ने मुर्शिदाबाद में शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। जिले के मुख्य तृणमूल कार्यालय पर ऋतब्रत गुट के समर्थकों ने कब्जा कर लिया, अपने बैनर लगाए और पूर्व मंत्री फिरहाद हाकिम समेत वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में बंद दरवाजे के पीछे रणनीति बनाने के लिए बैठक की। तृणमूल के 19 सांसदों के साथ एनसीपीआई में शामिल होने वाले अबु ताहिर भी शेख की नामांकन रैली में देखे गए।

ताहिर ने बाद में ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि वह रैली में इसलिए शामिल हुए थे, क्योंकि शेख उनके परिवार के सदस्य हैं और उनके चुनाव एजेंट रह चुके हैं। ताहिर ने कहा, “हां, मैं नामांकन रैली में गया था। वह (शेख) मेरे चुनाव एजेंट थे।

वह परिवार के सदस्य हैं। मुझे जाना ही था।”
ममता खेमे ने रेजीनगर में पूर्व विधायक रबीउल आलम चौधरी को अपना उम्मीदवार बनाया है। रबीउल के मुताबिक, ममता ने उनसे कहा कि चुनाव प्रचार के बारे में उनका फैसला पार्टी के चुनाव चिह्न को लेकर निर्वाचन आयोग के निर्णय पर निर्भर करेगा।

निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि आयोग पार्टी की पहचान और चुनाव चिह्न पर दावे को लेकर तृणमूल कांग्रेस के दोनों गुटों का पक्ष बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली में अलग-अलग सुनेगा। सूत्रों के मुताबिक, ऋतब्रत नीत बागी गुट को आयोग की पूर्ण पीठ के समक्ष बृहस्पतिवार को दोपहर तीन बजे पेश होने का निर्देश दिया गया है, जबकि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले खेमे को शाम चार बजे बुलाया गया है। नंदीग्राम और रेजीनगर उपचुनाव के नतीजे नौ अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *