पटवारी ने 51 पट्टे खुद और पत्नी के नाम कराए:कांग्रेस जिलाध्यक्ष बोले- स्वामित्व योजना में सरकारी जमीन का गबन; कलेक्टर से जांच की मांग

पटवारी ने 51 पट्टे खुद और पत्नी के नाम कराए:कांग्रेस जिलाध्यक्ष बोले- स्वामित्व योजना में सरकारी जमीन का गबन; कलेक्टर से जांच की मांग

खंडवा जिले के ग्राम कोलगांव में आवासीय पट्टों के वितरण में अनियमितता का मामला सामने आया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष उत्तमपालसिंह पुरनी ने आरोप लगाया कि तत्कालीन पटवारी राजेश मंडलोई ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए स्वयं और पत्नी के नाम पर सरकारी जमीन के 51 पट्टे दर्ज कराए हैं। मामले में कलेक्टर से शिकायत कर जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई हैं। स्वामित्व योजना शुरू होने से पहले उठाए सवाल उत्तमपाल सिंह ने कहा कि शासन की ओर से ग्रामीण आबादी में निवासरत परिवारों को आवासीय भू-अधिकार उपलब्ध कराने और निशुल्क रजिस्ट्री की प्रक्रिया के लिए स्वामित्व भू-अधिकार निष्पादन एवं पंजीयन योजना-2026 लागू की जा रही है। इसी बीच कोलगांव में पूर्व में जारी पट्टों को लेकर शिकायत सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस योजना के तहत पात्र परिवारों को उनके आवासीय भू-अधिकार का लाभ मिलना है, उसी व्यवस्था में यदि सरकारी जमीन के पट्टे अपात्र लोगों के नाम दर्ज किए गए हैं तो पूरे मामले की गहराई से जांच जरूरी है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा- एक गांव तक सीमित नहीं हो सकता मामला उत्तमपालसिंह ने कहा कि कोलगांव में सामने आई शिकायत को केवल एक गांव का मामला मानकर छोड़ना उचित नहीं होगा। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो जिले के दूसरे गांवों में भी इस तरह की अनियमितताओं की संभावना की जांच की जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि प्रशासन एक जांच कमेटी गठित कर कोलगांव के साथ जिले के अन्य गांवों में भी पूर्व में जारी किए गए आवासीय पट्टों की जांच कराए। उनका कहना है कि पटवारी के नाम और उसके परिवार के सदस्यों के नाम पर इतने पट्टे दर्ज होने की स्थिति में संबंधित राजस्व प्रक्रिया में शामिल अन्य अधिकारी और कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। सीमांकित आधिपत्य नहीं होने का भी आरोप शिकायत में कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि तत्कालीन पटवारी द्वारा स्वयं एवं परिजनों के नाम पर पट्टे दर्ज कराए गए, जबकि संबंधित भूमि पर नियमानुसार सीमांकित आधिपत्य की स्थिति भी स्पष्ट नहीं थी। उन्होंने दस्तावेजों के आधार पर पूरे रिकॉर्ड की जांच कराने की मांग की है। कांग्रेस की ओर से कहा गया है कि जांच के दौरान पट्टा जारी करने की प्रक्रिया, पात्रता, भूमि का रिकॉर्ड, सीमांकन और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका की जांच की जाए। यदि पट्टे नियम विरुद्ध पाए जाते हैं तो उन्हें निरस्त कर संबंधित व्यक्तियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। काग्रेस जिलाध्यक्ष ने कलेक्टर को सौंपे दस्तावेज जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपालसिंह पुरनी कलेक्टर से मिलने पहुंचे। उन्होंने कोलगांव के मामले से संबंधित शिकायत पत्र और दस्तावेज प्रशासन को सौंपे। उन्होंने कलेक्टर ऋषव गुप्ता से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जांच पूरी होने तक संबंधित रिकॉर्ड की भी पड़ताल कराने का अनुरोध किया। उत्तमपालसिंह ने कहा कि, स्वामित्व योजना का उद्देश्य ग्रामीण आबादी में पात्र परिवारों को उनके आवासीय भू-अधिकार का लाभ देना है। ऐसे में योजना के क्रियान्वयन से पहले पुराने पट्टों की स्थिति स्पष्ट होना जरूरी है, ताकि पात्र हितग्राहियों के अधिकार प्रभावित न हों। इस दौरान पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राधेश्याम तोमर, पार्षद मनोज मंडलोई और कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *