सहारनपुर में पुल खुमरान का कूड़ा डलावघर जल्द होगा खत्म:नगर आयुक्त ने व्यापारियों की बैठक में जल निकासी, अतिक्रमण और अवैध चौकियों पर दिए निर्देश

सहारनपुर में पुल खुमरान का कूड़ा डलावघर जल्द होगा खत्म:नगर आयुक्त ने व्यापारियों की बैठक में जल निकासी, अतिक्रमण और अवैध चौकियों पर दिए निर्देश

सहारनपुर के पुल खुमरान पर बने कूड़ा डलावघर से जल्द छुटकारा मिल सकता है। नगर निगम एक ट्रांसफर स्टेशन बनाने पर काम कर रहा है। इसके बनने के बाद पुल खुमरान के डलावघर को खत्म कर दिया जाएगा। फिलहाल यहां दिन में दो बार सफाई कराने के साथ चूने का छिड़काव किया जा रहा है। साथ ही इस इलाके को सुंदर भी बनाया गया है। यह बात नगरायुक्त शिपू गिरि ने बुधवार शाम पांच बजे नगर निगम के मां शाकुंभरी सभागार में हुई व्यापार बंधु की बैठक में बताई। बैठक में व्यापारियों ने शहर से जुड़ी कई समस्याएं नगरायुक्त के सामने रखीं। नगरायुक्त ने हर समस्या पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समय पर कार्रवाई के निर्देश दिए। व्यापारियों ने धोबीघाट के पास दसवां घाट पर शौचालय और महिलाओं के लिए स्नानागार बनाने की मांग रखी। इस पर नगरायुक्त ने मुख्य अभियंता निर्माण को जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्य अभियंता ने बताया कि काली मंदिर से दसवां घाट तक पांवधोई नदी की रिटेनिंग वॉल और पटरी बनाने के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। निर्माण पूरा होने के बाद इस समस्या का हल होने की उम्मीद है। नगरायुक्त ने पुल खुमरान के पास सड़क पर बने गड्ढे को ठीक कराने और चौक फव्वारा पर कूलर लगवाने के निर्देश दिए। नगर स्वास्थ्य अधिकारी को नाले-नालियों की सफाई के बाद निकलने वाली मिट्टी को तुरंत उठवाने को कहा। बोमनजी रोड की खराब लाइटों को ठीक कराने के लिए स्मार्ट सिटी को पत्र भेजने के निर्देश भी दिए गए। व्यापारियों ने कई जगहों पर जल निकासी की समस्या, अतिक्रमण और सड़कों पर गड्ढों की शिकायत की। पार्किंग स्थलों पर सुरक्षा नियमों का पालन कराने की मांग भी उठाई गई। व्यापारियों ने सड़कों पर पुलिस विभाग की ओर से बनाई गई अवैध पुलिस चौकियों का मुद्दा भी बैठक में उठाया। नगरायुक्त ने सभी समस्याओं पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में अपर नगरायुक्त मृत्युंजय, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, सहायक नगरायुक्त जेपी यादव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह, पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा, सीटीओ संगीता गुप्ता समेत निगम अधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *