नीमच में ग्राम रोजगार सहायकों ने लंबित मांगों को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपा। ग्राम रोजगार सहायक संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि 1 अक्टूबर तक मांगों पर लिखित आदेश जारी नहीं हुए तो 2 अक्टूबर से प्रदेशभर में अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल शुरू की जाएगी। पंचायत सहायक सचिव पद पर शामिल करने की मांग कर्मचारियों ने ग्राम रोजगार सहायक (सहायक सचिव) को ‘पंचायत सहायक सचिव’ के पद पर शामिल करने और पंचायत सचिवों के समान सेवा सुविधाएं देने की मांग की है। संगठन के मुताबिक प्रदेश में करीब 23 हजार ग्राम रोजगार सहायक ग्रामीण स्तर पर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में काम कर रहे हैं। 2023 की घोषणा का हवाला संगठन ने बताया कि 28 जून 2023 को भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में हुई महापंचायत में तत्कालीन मुख्यमंत्री ने ग्राम रोजगार सहायकों की नियुक्ति और ट्रांसफर प्रक्रिया पंचायत सचिवों के समान करने की घोषणा की थी। इसके बाद समिति भी बनाई गई, लेकिन अंतिम आदेश जारी नहीं हुआ। संगठन के मुताबिक 2025 में हुई विभागीय बैठकों और 20 मई 2026 को भोपाल के जंबूरी मैदान में हुए महासम्मेलन में भी यह मुद्दा उठाया गया था। 24 जुलाई और 18 अगस्त के निर्देशों का भी हवाला ज्ञापन में कहा गया है कि 24 जुलाई 2026 को पंचायत मंत्री के कार्यालय से ग्राम रोजगार सहायकों को पंचायत सहायक सचिव पद पर शामिल करने, निश्चित वेतनमान, ग्रेड-पे और सेवा शर्तें तय करने को लेकर समिति अध्यक्ष को पत्र लिखा गया था। वहीं, 18 अगस्त 2026 की बैठक में अनुकंपा नियुक्ति, सहायता राशि, एनपीएस, ईपीएफ कटौती और आयुष्मान योजना जैसी सुविधाओं को लेकर निर्देश दिए गए थे। संगठन का कहना है कि इसके बावजूद अब तक लिखित आदेश जारी नहीं हुए हैं। 2 अक्टूबर से शुरू होगा आंदोलन ज्ञापन के मुताबिक 1 अक्टूबर तक मांगों पर स्पष्ट आदेश जारी नहीं होने पर 2 अक्टूबर से प्रदेशभर में कलमबंद हड़ताल, कंप्यूटर बंद, धरना-प्रदर्शन और भूख हड़ताल जैसे आंदोलन किए जाएंगे।

